Top 5 This Week

Related Posts

रियाद एयरपोर्ट हमले में दूसरे भारतीय की भी मौत, तीन सप्ताह तक ICU में जिंदगी से लड़ते रहे; मृतकों की संख्या 14 हुई

रियाद। सऊदी अरब की राजधानी रियाद स्थित किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 10 अक्टूबर को हुए हमले में घायल दूसरे भारतीय नागरिक की भी मौत हो गई है। गंभीर रूप से घायल भारतीय नागरिक ने तीन सप्ताह से अधिक समय तक अस्पताल के आईसीयू में जिंदगी और मौत से संघर्ष किया। भारतीय दूतावास ने बुधवार को उनकी मौत की पुष्टि की। इसके साथ ही हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है।

आईसीयू में चल रहा था इलाज

रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया कि हमले में गंभीर रूप से घायल एक और भारतीय नागरिक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दूतावास ने पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि वह शुरुआत से ही परिवार के संपर्क में है और आगे भी हर संभव सहायता उपलब्ध कराता रहेगा।

अरब न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, मृतक की पहचान तेलंगाना के निजामाबाद जिले के रहने वाले शेख सईद के रूप में हुई है। वह अपने पीछे पत्नी और तीन बच्चों को छोड़ गए हैं। उनके दो भाई रियाद में रहते हैं।

परिवार की इच्छा के अनुसार होगा अंतिम संस्कार

भारतीय दूतावास ने भरोसा दिलाया है कि परिवार की इच्छा के अनुसार मृतक के पार्थिव शरीर को भारत लाने या रियाद में ही अंतिम संस्कार कराने की व्यवस्था में हर संभव मदद की जाएगी। दूतावास के अधिकारी परिवार और सऊदी प्रशासन के लगातार संपर्क में हैं।

पहले भी एक भारतीय की हुई थी मौत

इस हमले में इससे पहले हैदराबाद निवासी मोहम्मद यूसुफ अली की मौत हो चुकी है। उनका अंतिम संस्कार 12 अक्टूबर को रियाद में किया गया था।

सऊदी अरब के जनरल अथॉरिटी ऑफ सिविल एविएशन के अनुसार, हमले में शुरुआत में 12 लोगों की मौत हुई थी और 309 लोग घायल हुए थे। बाद में गंभीर रूप से घायल दो भारतीयों की मौत के बाद मृतकों की संख्या 14 हो गई है।

सऊदी अरब ने इस हमले के लिए यमन के हूती विद्रोहियों को जिम्मेदार ठहराया था। हालांकि, हूती संगठन ने आधिकारिक रूप से हमले की जिम्मेदारी नहीं ली थी। भारत ने नागरिकों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाए जाने की निंदा की है।

Popular Articles