Top 5 This Week

Related Posts

उत्तराखंड में चार नवंबर से कांग्रेस का ‘भूमि बचाओ-धामी हटाओ’ अभियान, वरिष्ठ नेताओं को सौंपी विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी

देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने धामी सरकार के खिलाफ अपना राजनीतिक अभियान तेज कर दिया है। प्रदेश कांग्रेस चार नवंबर से राज्यभर में विधानसभा स्तर पर ‘भूमि बचाओ-धामी हटाओ’ अभियान शुरू करेगी। पार्टी ने इसके लिए वरिष्ठ नेताओं को अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी है।

कांग्रेस के अनुसार, अभियान के जरिए प्रदेश में जमीनों से जुड़े मामलों और सरकारी भूमि के कथित अनियमित आवंटन को प्रमुखता से उठाया जाएगा। पार्टी का आरोप है कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में भूमि सौदों में अनियमितताएं हुई हैं। कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी और सरकार से जवाब मांगेगी।

प्रदेश महासचिव संगठन राजेंद्र सिंह भंडारी ने बताया कि नैनीताल में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और सीडब्ल्यूसी सदस्य गुरदीप सप्पल को जिम्मेदारी दी गई है। अल्मोड़ा में विधायक मनोज तिवारी और पूर्व विधायक गोविंद सिंह कुंजवाल, जबकि रानीखेत में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा अभियान का नेतृत्व करेंगे।

हल्द्वानी में विधायक तिलक राज बेहड़ और सुमित हृदयेश, भीमताल में विधायक भुवन कापड़ी और आदेश चौहान को जिम्मेदारी सौंपी गई है। देहरादून और ऋषिकेश में पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत, विकासनगर में प्रीतम सिंह और मसूरी में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल अभियान की कमान संभालेंगे।

इसी तरह टिहरी में विधायक विक्रम सिंह नेगी और लखपत बुटोला तथा हरिद्वार में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के साथ विधायक ममता राकेश, अनुपमा रावत और रवि बहादुर को जिम्मेदारी दी गई है। रानीपुर क्षेत्र में विधायक फुरकान अहमद और वीरेंद्र जाती अभियान का नेतृत्व करेंगे।

कांग्रेस का यह अभियान 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी भूमि से जुड़े मुद्दों को जनता के बीच उठाकर सरकार को घेरने और संगठन को विधानसभा स्तर पर सक्रिय करने की तैयारी में है।

Popular Articles