Top 5 This Week

Related Posts

आंध्र प्रदेश की HPCL तेल रिफाइनरी में धमाके के बाद लगी भीषण आग, इलाके में मची अफरा-तफरी

विशाखापट्टनम। आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) की तेल रिफाइनरी में सोमवार देर रात धमाके के बाद भीषण आग लग गई। आग की ऊंची लपटों और काले धुएं के गुबार से आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई। घटना के बाद स्थानीय लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग रिफाइनरी के गजुवाका औद्योगिक क्षेत्र स्थित परिसर में लगी। बताया जा रहा है कि सल्फर पिच टैंक में विस्फोट के बाद आग भड़की। घटना के दौरान आसपास के इलाकों में धमाके जैसी आवाजें सुनाई दीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आसमान में धुएं का घना गुबार छा गया।

दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं

घटना की सूचना मिलते ही रिफाइनरी की आंतरिक अग्निशमन टीम और शहर की दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। आग बुझाने के लिए छह दमकल गाड़ियों को लगाया गया। एहतियात के तौर पर प्रभावित हिस्से की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई और कर्मचारियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।

विशाखापट्टनम के पुलिस आयुक्त शंखब्रत बागची ने बताया कि आग सल्फर पिच टैंक तक सीमित रही और रिफाइनरी के अन्य हिस्सों में फैलने का खतरा नहीं है। अधिकारियों के अनुसार, आग पर काबू पा लिया गया है।

कोई जनहानि नहीं

प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि हादसे में किसी के घायल होने या जान जाने की सूचना नहीं है। रेवेन्यू डिवीजनल ऑफिसर दिलीप चक्रवर्ती के अनुसार, आग पूरी तरह बुझा दी गई है। उन्होंने औद्योगिक सुरक्षा मानकों के तहत घटना की जांच कराने की बात कही है।

फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों और रिफाइनरी को हुए नुकसान का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

Popular Articles