Top 5 This Week

Related Posts

राजस्थान में दर्दनाक हादसा: सड़क निर्माण के दौरान करंट लगने से आठ मजदूरों की मौत, तीन घायल

झुंझुनूं। राजस्थान के झुंझुनूं जिले में सोमवार को सड़क निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। छापोली गांव में 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से आठ मजदूरों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, छापोली गांव से कदमकुंड की ओर जाने वाली सड़क का निर्माण कार्य चल रहा था। इस दौरान मजदूर रोड़ी मिलाने वाली मशीन से काम कर रहे थे। अचानक मशीन ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गई। मशीन में करंट फैलने से वहां काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए। हादसे में आठ मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। हादसे में जान गंवाने वाले सभी आठ मजदूर स्थानीय निवासी बताए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने दिए जांच के आदेश

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार कराने और प्रभावित परिवारों को तत्काल हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश भी दिए हैं।

ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि शुरुआती जानकारी के अनुसार सड़क का निर्माण निजी स्तर पर जनसहयोग से कराया जा रहा था। तकनीकी अधिकारियों को घटनास्थल पर जाकर हादसे के कारणों की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि किसी विभागीय या तकनीकी लापरवाही की पुष्टि होती है तो कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी हादसे पर दुख जताते हुए निष्पक्ष जांच, जिम्मेदारी तय करने और मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

Popular Articles