Top 5 This Week

Related Posts

बाजार में मंदी, महंगाई की मार… ऊपर से आरटीओ का डंडा!

छापेमारी की आहट से दुकानें बंद कर भागे कारोबारी, व्यापारियों में सरकार और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी

हल्द्वानी। पहले ही बाजार में ग्राहकों का टोटा, ऊपर से महंगाई की चोट और अब परिवहन विभाग की कार्रवाई ने मोटर पार्ट्स कारोबारियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। तिकोनिया की वर्कशॉप लाइन में आरटीओ की टीम पहुंची तो कई दुकानदार दुकानें बंद कर खिसक लिए। पीछे रह गए सवाल और कारोबारियों के चेहरों पर कार्रवाई का खौफ।

आरटीओ प्रवर्तन अरविंद कुमार पांडे के निर्देश पर विभागीय टीम ने तिकोनिया स्थित मोटर पार्ट्स की दुकानों और वर्कशॉप में जांच अभियान चलाया। इस दौरान काली फिल्म, मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न जैसी प्रतिबंधित सामग्री की जांच की गई। टीम ने कुछ दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस भी जारी किए। हालांकि, अभियान के दौरान अधिकांश दुकानें बंद मिलने से जांच प्रभावित हुई और टीम को अभियान बीच में ही रोकना पड़ा।

दुकानदारों का कहना है कि बाजार में पहले से ही कामकाज ठप पड़ा है। महंगाई ने कारोबार की कमर तोड़ रखी है, ऐसे में आए दिन विभागीय कार्रवाई से व्यापार करना और मुश्किल हो गया है। व्यापारियों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि नियमों का पालन जरूरी है, लेकिन कार्रवाई के नाम पर कारोबारियों को लगातार परेशान करना उचित नहीं है।

मामले की जानकारी मिलने पर व्यापार मंडल के पूर्व अध्यक्ष योगेश शर्मा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने व्यापारियों का उत्पीड़न नहीं किए जाने की बात उठाई। वहीं, आरटीओ प्रवर्तन अरविंद कुमार पांडे ने साफ किया कि मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगा। आने वाले दिनों में शहर के अन्य मोटर पार्ट्स प्रतिष्ठानों पर भी अभियान चलाया जाएगा।

कार्रवाई से कारोबारियों में खलबली है, लेकिन व्यापारियों की नाराजगी भी साफ है। अब सवाल यह है कि नियमों की सख्ती के बीच कारोबारियों की परेशानियों को सुनने वाला कौन है?

Popular Articles