Top 5 This Week

Related Posts

पाकिस्तान का अफगानिस्तान पर बड़ा सैन्य हमला, कई तालिबानी चौकियां और ठिकाने किए तबाह; लड़ाके छोड़कर भागे

इस्लामाबाद। पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच सीमा पर तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। पाकिस्तान की सेना ने सीमा पार से कथित गोलीबारी के जवाब में अफगान तालिबान की कई सैन्य चौकियों, सुरक्षा बंकरों और ठिकानों को निशाना बनाकर तबाह करने का दावा किया है। यह कार्रवाई खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के दक्षिण वजीरिस्तान और पाराचिनार से सटे सीमावर्ती इलाकों में की गई।

पाकिस्तान के सरकारी रेडियो के अनुसार, 27 अक्टूबर को दक्षिण वजीरिस्तान के अंगूर अड्डा इलाके में अफगान तालिबान बलों ने पाकिस्तानी सीमा चौकियों पर गोलीबारी की थी। इसके जवाब में पाकिस्तानी सेना ने भारी हथियारों और तोपखाने का इस्तेमाल करते हुए सीमा पार स्थित कई सैन्य ठिकानों पर हमला किया।

कई लड़ाकों के मारे जाने का दावा

पाकिस्तानी सुरक्षा सूत्रों के मुताबिक, सेना की जवाबी कार्रवाई के बाद अफगान तालिबान के कई लड़ाके अपनी चौकियां छोड़कर भाग गए। कार्रवाई में कुछ लड़ाकों के मारे जाने की भी खबर है। हालांकि, हताहतों की संख्या और नुकसान के दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

अफगानिस्तान ने पाकिस्तान पर लगाए आरोप

दूसरी ओर, अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने इस घटना को लेकर अलग दावा किया है। मंत्रालय के अनुसार, पाकिस्तानी सैन्य बलों ने पक्तिका प्रांत के अंगूर अड्डा बाजार और एक सरकारी कार्यालय को निशाना बनाते हुए चार ड्रोन हमले किए थे। अफगानिस्तान ने आरोप लगाया कि इन हमलों के बाद उसके सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई की।

सीमा पर बढ़ता तनाव

27 अक्टूबर को हुई झड़प में पाकिस्तानी अधिकारियों के मुताबिक, एक नागरिक की मौत हुई थी और एक ही परिवार के पांच लोग घायल हुए थे। सीमा पर लगातार हो रही गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई से दोनों देशों के संबंधों में तनाव बढ़ गया है।

पाकिस्तान लंबे समय से अफगानिस्तान पर प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) को अपनी जमीन से गतिविधियां संचालित करने देने का आरोप लगाता रहा है। वहीं, अफगान तालिबान इन आरोपों को खारिज करता है। ताजा घटनाक्रम से दोनों देशों के बीच तनाव और गहराने की आशंका है।

Popular Articles