चंडीगढ़। पंजाब में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने शनिवार को 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। इसमें मुख्यमंत्री भगवंत मान को एक बार फिर धूरी विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है।
उम्मीदवारों के नामों की घोषणा मुख्यमंत्री भगवंत मान और पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया ने दिल्ली में की। इससे पहले पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के आवास पर राजनीतिक मामलों की समिति (PAC) की बैठक हुई, जिसमें उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम फैसला लिया गया।
कई प्रमुख नेताओं को मिला टिकट
पहली सूची में पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां को कोटकपूरा से उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं, संजीव अरोड़ा को लुधियाना पश्चिम से टिकट दिया गया है। इसके अलावा कुलदीप सिंह धालीवाल को अजनाला, डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर को अमृतसर दक्षिण, कुलवंत सिंह को मोहाली और बलकार सिंह को करतारपुर से मैदान में उतारा गया है।
पार्टी ने जालंधर पश्चिम से मोहिंदर भगत, पटियाला से अजीतपाल सिंह कोहली और मोगा से अमनदीप कौर अरोड़ा को भी उम्मीदवार बनाया है।
जनता के फीडबैक के आधार पर चयन
मुख्यमंत्री भगवंत मान के अनुसार, उम्मीदवारों के चयन के लिए जनता से मिले फीडबैक और विधायकों के प्रदर्शन का आकलन किया गया। जिन नेताओं को जनता से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली, उनके नामों को मंजूरी दी गई है।
117 सीटों पर होगा मुकाबला
पंजाब विधानसभा में कुल 117 सीटें हैं। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 92 सीटों पर जीत दर्ज कर सरकार बनाई थी। अब 2027 के चुनाव के लिए पार्टी ने समय से पहले उम्मीदवारों की घोषणा कर चुनावी रणनीति को धार देना शुरू कर दिया है।
पहली सूची में 40 उम्मीदवारों के नाम आने के बाद अब दूसरी सूची का इंतजार है। खास तौर पर उन कैबिनेट मंत्रियों और विधायकों पर नजर रहेगी, जिनके नाम पहली सूची में शामिल नहीं हैं।





