Top 5 This Week

Related Posts

जैसलमेर में भारत-पाक सीमा के पास खेत में गिरा बम, जोरदार धमाके से मचा हड़कंप; किसान बाल-बाल बचा

जैसलमेर। राजस्थान के जैसलमेर जिले में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के नजदीक एक खेत में संदिग्ध बम गिरने से जोरदार विस्फोट हो गया। घटना गुरुवार दोपहर करीब एक बजे मोहनगढ़ थाना क्षेत्र की नहरी पट्टी में हुई। धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज करीब दो से तीन किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार, किसान तुलसाराम भील का बेटा द्वारकाराम खेत में ट्रैक्टर से कृषि कार्य कर रहा था। इसी दौरान उसका मोबाइल फोन खेत में गिर गया। वह मोबाइल तलाशने के लिए ट्रैक्टर से कुछ दूरी पर गया हुआ था, तभी अचानक खेत में बम गिरा और जोरदार धमाका हो गया। विस्फोट के बाद पूरे इलाके में धुएं का गुबार फैल गया।

खेत में बना दो फीट गहरा गड्ढा

धमाके की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि खेत में करीब दो फीट गहरा गड्ढा बन गया। विस्फोट के टुकड़े पास में मौजूद ट्रैक्टर तक भी पहुंचे। आसपास के ग्रामीण धमाके की आवाज सुनकर घटनास्थल पर पहुंच गए। घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

पुलिस और सेना के अधिकारी मौके पर पहुंचे

घटना की सूचना मिलते ही मोहनगढ़ थाना पुलिस और सेना के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और विस्फोट से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई। बम के स्रोत और उसके खेत में गिरने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

पोकरण फायरिंग रेंज होने से सैन्य अभ्यास की आशंका

घटनास्थल से कुछ दूरी पर सेना की चांधन फील्ड फायरिंग रेंज स्थित है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि सैन्य अभ्यास के दौरान निशाना चूकने से बम खेत में गिरा हो सकता है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

फिलहाल पुलिस और सेना मामले की जांच कर रही हैं। घटना में किसान के सुरक्षित बचने से परिवार और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।

Popular Articles