Top 5 This Week

Related Posts

वाल्मीकि शोभायात्रा और वीकेंड पर बदलेगा ट्रैफिक, कई रास्तों पर रोक

24-25 अक्टूबर को सुबह नौ से रात दस बजे तक डायवर्जन, कैंचीधाम जाने वालों को शटल सेवा का सहारा

हल्द्वानी। शहर में शोभायात्रा और पर्वतीय क्षेत्रों में पर्यटकों की संभावित भीड़ के चलते यातायात व्यवस्था बदली रहेगी। पुलिस ने वाल्मीकि प्रकट दिवस की शोभायात्रा के साथ 24-25 अक्टूबर के वीकेंड और 24 से 26 अक्टूबर तक कैंचीधाम क्षेत्र के लिए अलग-अलग यातायात योजनाएं लागू की हैं। वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों से गुजरना होगा, जबकि निर्धारित समय में भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी।

दोपहर दो बजे से शोभायात्रा का असर

शोभायात्रा लक्ष्मी शिशु मंदिर, बरेली रोड से शुरू होकर सिंधी चौराहा, रोडवेज, नैनीताल बैंक तिराहा, प्रेम टाकीज, राजपुरा, आर्मी गेट, तिकोनिया और कैनाल रोड होते हुए वाल्मीकि पार्क पहुंचेगी। दोपहर दो बजे से शोभायात्रा समाप्त होने तक यातायात में बदलाव रहेगा। राजपुरा से तिकोनिया के बीच शोभायात्रा रहने पर संबंधित मार्गों पर वाहनों की आवाजाही रोकी जाएगी।

पर्वतीय रूट के लिए वैकल्पिक रास्ते

बरेली और रामपुर रोड से पहाड़ जाने वाले छोटे वाहन तीनपानी फ्लाईओवर से गौलापार होकर काठगोदाम पहुंचेंगे। पहाड़ से आने वाले वाहन नारीमन तिराहे से गौलापार की ओर भेजे जाएंगे। रोडवेज से बरेली और रामपुर जाने वाली बसें ताज चौराहा और गौलापुल होकर निकलेंगी, जबकि कालाढूंगी रोड की बसों के लिए वर्कशाप लाइन, तिकोनिया, हाइडिल, पंचक्की और ऊंचापुल का मार्ग निर्धारित किया गया है।

भारी वाहनों पर रहेगी रोक

24 और 25 अक्टूबर को सुबह नौ बजे से रात दस बजे तक वीकेंड डायवर्जन लागू रहेगा। यात्रा मार्ग पर सुबह तीन से रात 11 बजे तक भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। आवश्यक सेवाओं वाले भारी वाहनों को भी दोपहर दो से रात 11 बजे तक प्रवेश नहीं मिलेगा। रामनगर और बाजपुर से पहाड़ जाने वाले वाहन कालाढूंगी के नैनीताल तिराहे से मंगोली होकर जाएंगे।

कैंचीधाम जाने वालों के लिए शटल

24 से 26 अक्टूबर तक कैंचीधाम और आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों में भी यातायात योजना लागू रहेगी। श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग विकास भवन, भीमताल और भवाली सैनिटोरियम में कराई जाएगी। यहां से कैंचीधाम के लिए शटल सेवा मिलेगी। इस मार्ग पर भारी वाहनों के लिए सुबह तीन से रात 11 बजे तक और बसों व चौपहिया वाहनों के लिए सुबह पांच से रात आठ बजे तक डायवर्जन प्रभावी रहेगा।

पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि घर से निकलने से पहले रूट प्लान की जानकारी लें और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का पालन करें, ताकि जाम और परेशानी से बचा जा सके।

Popular Articles