Top 5 This Week

Related Posts

अंकिता भंडारी हत्याकांड: माता-पिता ने सीबीआई अधिकारियों से की मुलाकात, निष्पक्ष जांच का मिला भरोसा

नई दिल्ली। उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में उनके माता-पिता ने शुक्रवार को दिल्ली स्थित केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) मुख्यालय पहुंचकर वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर जानकारी साझा की। सीबीआई अधिकारियों ने उन्हें आश्वासन दिया कि प्रकरण के सभी पहलुओं की गहन जांच की जाएगी और जांच निष्पक्ष तरीके से आगे बढ़ाई जाएगी।

अंकिता के पिता वीरेंद्र सिंह भंडारी और माता सोनी देवी ने सीबीआई के विशेष निदेशक मनोज शशिधर और संपत मीणा से मुलाकात की। इस दौरान मामले में कथित वीआईपी की भूमिका सहित अन्य पहलुओं पर चर्चा हुई।

कथित वीआईपी की भूमिका की भी जांच

सीबीआई ने मामले में कथित वीआईपी की भूमिका की जांच के लिए अज्ञात लोगों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की है। अंकिता के माता-पिता लंबे समय से इस मामले में निष्पक्ष जांच और सभी संबंधित तथ्यों को सामने लाने की मांग कर रहे हैं।

परिवार के करीबी सूत्रों के अनुसार, माता-पिता ने पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर का नार्को टेस्ट कराने की मांग भी उठाई है। हालांकि, नार्को टेस्ट कराने का निर्णय कानूनी प्रक्रिया के तहत होता है और इसके परिणामों को अपने आप में अदालत में प्रत्यक्ष साक्ष्य नहीं माना जाता।

वर्ष 2022 में हुई थी अंकिता की हत्या

19 वर्षीय अंकिता भंडारी ऋषिकेश के पास एक रिसार्ट में रिसेप्शनिस्ट के रूप में काम करती थीं। सितंबर 2022 में उनकी हत्या कर दी गई थी। इस मामले में रिसार्ट मालिक पुलकित आर्य और उसके दो कर्मचारियों को अदालत ने दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी।

अब मामले में कथित वीआईपी की भूमिका को लेकर जांच जारी है। अंकिता के माता-पिता की सीबीआई अधिकारियों से मुलाकात को इस मामले में आगे की जांच के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। परिवार को उम्मीद है कि जांच के दौरान सामने आने वाले सभी तथ्यों की निष्पक्ष पड़ताल होगी और मामले से जुड़े अनसुलझे सवालों के जवाब मिल सकेंगे।

Popular Articles