Top 5 This Week

Related Posts

दिल्ली में CJP संस्थापक अभिजीत दीपके गिरफ्तार, शांति भंग की आशंका में पुलिस की कार्रवाई

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके को शांति भंग होने की आशंका के चलते गिरफ्तार किया है। उनके खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 126 और 170 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस की यह कार्रवाई राजधानी में प्रस्तावित तिरंगा मार्च से पहले की गई।

जानकारी के अनुसार, अभिजीत दीपके ने 16 अक्टूबर को दिल्ली के कनॉट प्लेस में ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च का आह्वान किया था। इससे पहले दिल्ली पुलिस ने उन्हें प्रदर्शन नहीं करने को लेकर नोटिस दिया था। पुलिस ने कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका के मद्देनजर यह कदम उठाया।

तिरंगा मार्च से पहले हिरासत में लिया

शुक्रवार को दीपके मध्य दिल्ली के झंडेवालान इलाके में एक आवास से बाहर निकले, तभी पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक लिया। इस दौरान उन्होंने हाथ में तिरंगा ले रखा था। पुलिस उन्हें अपने साथ ले गई। बाद में पुलिस ने शांति भंग की आशंका से संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत उनकी गिरफ्तारी की।

पहले भी हुई थी कार्रवाई

CJP के कुछ अन्य पदाधिकारियों के खिलाफ भी हाल के दिनों में कार्रवाई हुई है। पार्टी के सह-संयोजक सौरव दास और आशुतोष रांका को इससे पहले दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लेकर तिहाड़ जेल भेजा गया था। पार्टी की गतिविधियों और प्रदर्शनों को लेकर दिल्ली पुलिस सतर्क है।

अभिजीत दीपके को विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट (SEM) की अदालत में पेश किए जाने की बात सामने आई है। इस मामले में आगे की कार्रवाई अदालत की प्रक्रिया के अनुसार होगी।

Popular Articles