नई दिल्ली। सऊदी अरब में हूती विद्रोहियों के हमलों के बाद सुरक्षा स्थिति गंभीर होने पर दिल्ली से रियाद जा रही एअर इंडिया की उड़ान को बीच रास्ते से वापस बुला लिया गया। वहीं, एअर इंडिया, इंडिगो और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने सुरक्षा कारणों से रियाद आने-जाने वाली अपनी उड़ानें 10 अक्टूबर तक निलंबित कर दी हैं।
जानकारी के मुताबिक, एअर इंडिया की उड़ान AI2243 दिल्ली से रियाद के लिए रवाना हुई थी। विमान गुजरात के ऊपर से गुजरने के बाद अरब सागर के ऊपर पहुंचा, जहां से उसे सुरक्षा कारणों के चलते वापस दिल्ली मोड़ दिया गया। क्षेत्र में बढ़ते तनाव और हवाई अड्डों पर हमलों के कारण विमान सेवाओं पर असर पड़ा है।
रियाद के हवाई अड्डों पर हमले
सऊदी अरब की राजधानी रियाद स्थित किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और अन्य ठिकानों पर हमलों के बाद हवाई यातायात प्रभावित हुआ है। हूती विद्रोहियों ने रियाद हवाई अड्डे को निशाना बनाने का दावा किया है। सुरक्षा स्थिति को देखते हुए कई अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस ने भी अपनी उड़ानों पर रोक लगाई है।
एयरलाइंस की ओर से प्रभावित यात्रियों को टिकट की पूरी राशि वापस करने या निर्धारित नियमों के तहत यात्रा में बदलाव का विकल्प दिया जा रहा है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि हवाई अड्डे के लिए निकलने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति की पुष्टि संबंधित एयरलाइन से कर लें।
भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी
रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने सऊदी अरब में रह रहे भारतीय नागरिकों से सतर्क रहने और स्थानीय अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। दूतावास ने जरूरत पड़ने पर घर के अंदर रहने तथा हमलों से संबंधित अपुष्ट वीडियो और समाचार साझा नहीं करने की सलाह भी दी है।
भारतीय दूतावास और जेद्दा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास के माध्यम से आवश्यक सूचनाएं और सहायता उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्रवासी भारतीय सहायता केंद्र की 24 घंटे उपलब्ध टोल-फ्री हेल्पलाइन 8002471234 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
इस बीच, भारत ने सऊदी अरब के हवाई अड्डों पर हुए हमलों की निंदा करते हुए नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने को अस्वीकार्य बताया है। क्षेत्र में तनाव के कारण विमान सेवाओं की बहाली सुरक्षा स्थिति पर निर्भर करेगी।





