Top 5 This Week

Related Posts

आदि कैलास परिक्रमा रन का दूसरा संस्करण 24 अक्टूबर से, 15 हजार फीट की ऊंचाई पर दौड़ेंगे धावक

पिथौरागढ़। सीमांत जनपद पिथौरागढ़ की व्यास घाटी में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आदि कैलास परिक्रमा रन-2026 का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता का दूसरा संस्करण 24 से 26 अक्टूबर तक धारचूला क्षेत्र में आयोजित होगा। पर्यटन विभाग के अनुसार, यह भारत की अनूठी और चुनौतीपूर्ण हाई-एल्टीट्यूड अल्ट्रा रन में शामिल है। 

गुंजी गांव को आयोजन का मुख्य केंद्र और बेस कैंप बनाया गया है। समुद्र तल से करीब 10,500 से 15,000 फीट की ऊंचाई वाले बर्फीले और कठिन भू-भाग में धावक अपनी क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। प्रतिभागियों का मार्ग गुंजी, नाबी, कुटी और जोलिंगकोंग स्थित आदि कैलास बेस जैसे धार्मिक एवं सामरिक रूप से महत्वपूर्ण क्षेत्रों से होकर गुजरेगा।

आयोजन के तहत इस वर्ष 70 किलोमीटर अल्ट्रा रन, 42 किलोमीटर फुल मैराथन, 21 किलोमीटर हाफ मैराथन के अलावा 10 और 5 किलोमीटर की दौड़ आयोजित की जाएगी। 70 किलोमीटर अल्ट्रा रन जोलिंगकोंग से शुरू होकर छियालेख तक जाएगी और वहां से वापस गुंजी में समाप्त होगी। वहीं अन्य दौड़ गुंजी से शुरू होकर कुटी की ओर जाएंगी और वापस गुंजी में समाप्त होंगी। 

24 अक्टूबर को 70 किलोमीटर अल्ट्रा रन और 42 किलोमीटर फुल मैराथन का आयोजन होगा। 25 अक्टूबर को 21 किलोमीटर हाफ मैराथन, 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर रन कराई जाएगी। इसके बाद 26 अक्टूबर को माउंटेन टेरेन बाइकिंग (एमबीटी) प्रतियोगिता आयोजित होगी।

पर्यटन विभाग के अनुसार, इस वर्ष करीब 1000 प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है। पंजीकरण की अंतिम तिथि 10 अक्टूबर निर्धारित की गई है। आयोजन के माध्यम से आदि कैलास क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता, धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत और साहसिक पर्यटन की संभावनाओं को देश-दुनिया के सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है।

अधिकारियों का कहना है कि आदि कैलास परिक्रमा रन से सीमांत गांवों में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों के नए अवसर भी पैदा होंगे।

Popular Articles