Top 5 This Week

Related Posts

देहरादून में 300 रुपये के विवाद ने लिया खूनी रूप, बुजुर्ग दंपती समेत तीन की हत्या

देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र की विष्णुलोक कॉलोनी में मंगलवार को दिनदहाड़े हुई ट्रिपल मर्डर की वारदात से सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार, प्लंबिंग के मेहनताना को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी राजकुमार ने बुजुर्ग दंपती और बीच-बचाव करने पहुंची महिला पर पेचकस से हमला कर दिया। तीनों की इलाज के दौरान मौत हो गई।

मृतकों की पहचान 80 वर्षीय रमेश कपूर और उनकी 75 वर्षीय पत्नी रजनी कपूर के रूप में हुई है। तीसरी मृतका तिलया देवी उर्फ शीला (48) थी, जो पड़ोस के घर में काम करती थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी राजकुमार पिछले करीब दो वर्षों से कपूर दंपती के घर पर प्लंबिंग का काम करने आता-जाता था।

300 रुपये को लेकर हुआ विवाद

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मंगलवार को प्लंबिंग का काम पूरा करने के बाद राजकुमार ने 600 रुपये मेहनताना मांगा, जबकि रमेश कपूर 300 रुपये देने की बात कह रहे थे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने के बाद आरोपी कुछ देर के लिए घर से बाहर चला गया और फिर वापस लौटकर उसने बुजुर्ग दंपती पर पेचकस से हमला कर दिया।

दंपती की चीख-पुकार सुनकर पड़ोस में काम कर रही शीला मदद के लिए पहुंची और बीच-बचाव का प्रयास किया। आरोप है कि राजकुमार ने उस पर भी हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल तीनों को पुलिस ने कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़ा

वारदात के बाद आरोपी मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन आसपास के लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से वारदात में इस्तेमाल पेचकस बरामद किया गया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

Popular Articles