इस्लामाबाद। पाकिस्तान के अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में मंगलवार को आतंकियों ने डेरा इस्माइल खान जिले में कस्टम विभाग के अधिकारियों को निशाना बनाकर हमला किया। गोलीबारी में चार सीमा शुल्क अधिकारियों की मौत हो गई। घटना दक्षिण वजीरिस्तान की सीमा से सटे इलाके में हुई।
जानकारी के अनुसार, कस्टम विभाग के अधिकारी ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान हथियारबंद हमलावरों ने उन पर अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। हमले में चारों अधिकारियों की मौके पर ही मौत हो गई। बाद में उनके शवों को अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर भेजा गया।
तीन अलग-अलग स्थानों पर हमले
अधिकारियों के मुताबिक, डेरा इस्माइल खान जिले में एक ही दिन में तीन अलग-अलग स्थानों पर हमले किए गए। आतंकियों ने कस्टम विभाग के अधिकारियों के अलावा राजस्व बोर्ड के कर्मचारियों और ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को भी निशाना बनाया। एक अलग हमले में एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी की भी मौत हुई और एक अन्य घायल हुआ।
वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थलों की घेराबंदी कर दी और साक्ष्य जुटाने के साथ हमलावरों की तलाश शुरू कर दी। फिलहाल किसी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
खैबर पख्तूनख्वा लंबे समय से आतंकवादी हिंसा से प्रभावित रहा है और हाल के दिनों में यहां सुरक्षा बलों तथा सरकारी कर्मचारियों को निशाना बनाकर कई हमले हुए हैं।



