मलबे में दबा था जवान आदिल, पुलिस और एसडीआरएफ ने रेस्क्यू कर बाहर निकाला
हरिद्वार। जिले के धनौरी क्षेत्र स्थित अमृत लॉ कॉलेज में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कॉलेज परिसर में बने शौचालय का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के दौरान वहां मौजूद पीएसी का एक जवान मलबे में दब गया। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
जानकारी के अनुसार, अमृत लॉ कॉलेज परिसर में पीएसी की एक कंपनी ठहरी हुई थी। हादसे के समय जवान आदिल शौचालय में मौजूद था। अचानक हिस्सा ढहने से वह मलबे की चपेट में आ गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद अन्य जवानों में भी हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही एसपी देहात अभय प्रताप सिंह और कलियर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जवान को निकालने के लिए तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। पुलिस और बचाव दल ने मलबा हटाकर जवान तक पहुंचने का प्रयास किया।
एसडीआरएफ की मदद से रेस्क्यू
पुलिस के अनुसार, आपदा राहत दल और एसडीआरएफ की टीम की मदद से मलबे में दबे जवान आदिल को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घायल जवान को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
हादसे के बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। भवन के हिस्से के अचानक गिरने के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल हादसे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। अधिकारियों के मुताबिक, जांच के बाद ही भवन की स्थिति और दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जानकारी सामने आएगी।
हादसे के बाद कॉलेज परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। प्रशासन की ओर से भवन के क्षतिग्रस्त हिस्से का निरीक्षण किए जाने की जानकारी सामने आई है।





