लंदन। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री एंडी बर्नहम के यूरोपीय संघ (EU) में दोबारा शामिल होने की संभावना पर दिए बयान के बाद यूरोप में इस मुद्दे पर चर्चा तेज हो गई है। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने ब्रिटेन की संभावित वापसी का स्वागत किया है।
बर्नहम ने लेबर पार्टी के वार्षिक सम्मेलन के दौरान कहा कि ब्रिटेन को यूरोपीय देशों के साथ अपने दीर्घकालिक संबंधों को लेकर सभी विकल्पों पर विचार करना चाहिए। उन्होंने मौजूदा व्यवस्था को बनाए रखने के साथ-साथ कस्टम्स यूनियन, सिंगल मार्केट और पूरी तरह EU में दोबारा शामिल होने जैसे विकल्पों का भी उल्लेख किया।
मैक्रों ने कहा- ‘वेलकम बैक’
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने मैड्रिड में स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में ब्रिटेन की EU में वापसी की संभावना पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने अंग्रेजी में कहा, “Welcome back”। मैक्रों ने कहा कि यदि ब्रिटेन वापस आने की दिशा में आगे बढ़ता है तो यह उसके और यूरोप दोनों के लिए अच्छी खबर होगी।
स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने भी कहा कि यदि ब्रिटेन EU में लौटने का फैसला करता है तो स्पेन उसका स्वागत करेगा। उन्होंने ब्रिटेन और यूरोप के बीच संबंधों को महत्वपूर्ण बताया।
2016 में हुआ था ब्रेक्जिट जनमत संग्रह
ब्रिटेन ने 2016 में जनमत संग्रह के जरिए EU से बाहर निकलने का फैसला किया था। इसके बाद जनवरी 2020 में ब्रिटेन औपचारिक रूप से यूरोपीय संघ से अलग हो गया था। अब बर्नहम ने भविष्य के संबंधों को लेकर विभिन्न विकल्पों पर दोबारा विचार करने की बात कही है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी भी विकल्प पर फैसला उसके व्यावहारिक पहलुओं और फायदे-नुकसान को देखते हुए किया जाएगा।
फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों ने यह भी कहा कि EU के साथ दोबारा जुड़ने की स्थिति में ब्रिटेन संघ के नियमों और उसकी विभिन्न स्वतंत्रताओं को अपनी सुविधा के अनुसार चुन नहीं सकता।





