काबुल। पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के हेलमंद और कुनार प्रांतों में हवाई हमले किए हैं। अफगान तालिबान सरकार के अनुसार, इन हमलों में कम से कम नौ लोगों की मौत हुई है, जबकि 11 अन्य घायल हुए हैं। मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल बताए गए हैं।
अफगान सरकार के मुख्य प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने बताया कि हमलों में दोनों प्रांतों में तीन मकानों को निशाना बनाया गया। उन्होंने पाकिस्तान की इस कार्रवाई की निंदा करते हुए कहा कि हमलों में आम नागरिक हताहत हुए हैं।
हेलमंद में मकानों को बनाया निशाना
हेलमंद प्रांत के गरमसीर जिले में दो मकानों पर हवाई हमला किए जाने की सूचना है। शुरुआती रिपोर्ट में यहां चार लोगों की मौत और छह के घायल होने की जानकारी सामने आई थी। बाद में अफगान अधिकारियों ने हेलमंद और कुनार में हुए हमलों को मिलाकर कुल नौ मौतों और 11 घायलों की पुष्टि की।
पाकिस्तान-अफगानिस्तान के बीच बढ़ा तनाव
ताजा हवाई हमले ऐसे समय हुए हैं जब पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच सीमा पर तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। हाल के दिनों में दोनों देशों के बीच सैन्य झड़पें और सीमा पार हमलों की घटनाएं सामने आई हैं। पाकिस्तान लंबे समय से अफगानिस्तान पर तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) समेत सशस्त्र समूहों को पनाह देने का आरोप लगाता रहा है, जबकि काबुल इन आरोपों से इनकार करता है।
ताजा हमलों के बाद दोनों पड़ोसी देशों के बीच पहले से तनावपूर्ण संबंधों में और बढ़ोतरी की आशंका है। अफगान पक्ष ने हमलों की आलोचना की है, जबकि ताजा हमलों पर पाकिस्तान की ओर से तत्काल विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।




