Top 5 This Week

Related Posts

UPSC के शताब्दी समारोह में शामिल होंगे पीएम मोदी, स्मारक सिक्का और डाक टिकट करेंगे जारी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार, 1 अक्टूबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) के शताब्दी समारोह में शामिल होंगे। कार्यक्रम सुबह 11 बजे शुरू होगा, जिसमें प्रधानमंत्री उपस्थित लोगों को संबोधित भी करेंगे।

यह समारोह वर्ष 1926 में स्थापित UPSC के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित सालभर चलने वाले कार्यक्रमों का समापन होगा। शताब्दी समारोह की शुरुआत 1 अक्टूबर 2025 को हुई थी।

स्मारक सिक्का और डाक टिकट होगा जारी

प्रधानमंत्री इस अवसर पर UPSC शताब्दी स्मारक सिक्का और स्मारक डाक टिकट जारी करेंगे। इसके अलावा ‘100 Landmark Judgements – Shaping the Policies of UPSC and Public Service Commissions in India’ नामक पुस्तक का भी विमोचन किया जाएगा। पुस्तक में UPSC और लोक सेवा आयोगों की नीतियों को प्रभावित करने वाले 100 महत्वपूर्ण न्यायिक फैसलों को शामिल किया गया है।

देशभर से जुटेंगे अधिकारी और शिक्षाविद

समारोह में राज्य लोक सेवा आयोगों के अध्यक्ष एवं सदस्य, केंद्र सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षाविद, UPSC के अधिकारी और लोक सेवा भर्ती से जुड़े अन्य हितधारक शामिल होंगे। UPSC ने शताब्दी वर्ष के अवसर पर 30 सितंबर और 1 अक्टूबर को दो दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया है।

UPSC की संस्थागत यात्रा 1 अक्टूबर 1926 को शुरू हुई थी। एक सदी के दौरान आयोग की भूमिका और संवैधानिक स्थिति में बदलाव आया और आज यह देश में सार्वजनिक सेवाओं में भर्ती के लिए महत्वपूर्ण संवैधानिक संस्था है।

Popular Articles