Top 5 This Week

Related Posts

दिल्ली में प्रवासी उत्तराखंडियों से मिले सीएम धामी, बोले- विकास नीति में शामिल होंगे सुझाव

नई दिल्ली। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को नई दिल्ली स्थित उत्तराखंड निवास में विभिन्न संस्थानों से जुड़े प्रवासी उत्तराखंडियों और बुद्धिजीवियों के साथ संवाद किया। बैठक में प्रदेश के विकास, रोजगार, पर्यटन, निवेश, कनेक्टिविटी और रिवर्स माइग्रेशन को लेकर सुझाव सामने आए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रवासी उत्तराखंडियों और प्रबुद्धजनों की प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका है और संवाद के दौरान मिले सुझावों को नीतियां तैयार करते समय शामिल किया जाएगा।

पर्यटन और रोजगार पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए पर्यटन, स्वरोजगार, स्थानीय कारोबार और निवेश को बढ़ावा देना जरूरी है। उन्होंने रिवर्स माइग्रेशन का उल्लेख करते हुए दावा किया कि राज्य में इसमें 44 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। होमस्टे, छोटे होटल, कृषि और बागवानी जैसे क्षेत्रों में युवाओं और महिलाओं के लिए स्वरोजगार की संभावनाओं पर भी उन्होंने चर्चा की।

कनेक्टिविटी को बताया महत्वपूर्ण

धामी ने निवेश के लिए बेहतर कनेक्टिविटी को महत्वपूर्ण बताते हुए दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर और हवाई सेवाओं का उल्लेख किया। उनके अनुसार, देहरादून से देश के प्रमुख शहरों के लिए 50 से अधिक हवाई सेवाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने पंतनगर को कृषि और उद्योग के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में बताते हुए प्रस्तावित ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट को भी अहम बताया।

35 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति का दावा

रोजगार और भर्ती प्रक्रिया का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी गई है। उन्होंने भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता के लिए नकल विरोधी कानून समेत उठाए गए कदमों की जानकारी दी। इसके अलावा सीमांत क्षेत्रों में सड़क, रेल, रोपवे और हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाने तथा शिक्षा और खेल के क्षेत्र में सुविधाओं के विस्तार की बात भी कही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा, कांवड़ यात्रा और आदि कैलाश जैसे धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों से राज्य की अर्थव्यवस्था और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिल रहा है। बैठक में प्रवासी उत्तराखंडियों ने प्रदेश के विकास को लेकर अपने विचार और सुझाव साझा किए।

Popular Articles