Top 5 This Week

Related Posts

छात्रसंघ चुनाव से पहले खाकी का शिकंजा!

एमबीपीजी में पुलिस की ब्रीफिंग, ड्रोन से निगरानी और चप्पे-चप्पे पर पहरा; अराजक तत्वों पर होगी कार्रवाई

हल्द्वानी। छात्रसंघ चुनाव की सरगर्मी के बीच एमबीपीजी कॉलेज पुलिस के कड़े पहरे में आ गया है। मंगलवार को मतदान और मतगणना से पहले एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र ने सभागार में चुनाव ड्यूटी में लगे पुलिसकर्मियों को ब्रीफ किया। साफ निर्देश दिए गए कि लिंगदोह कमेटी के नियमों का शत-प्रतिशत पालन कराया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

मुख्य चौराहों, बैरियरों और प्रवेश द्वारों पर तैनात पुलिसकर्मियों को अलर्ट रहने, प्रभावी चेकिंग-फ्रिस्किंग और ड्रोन से निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। मोबाइल टीमें लगातार गश्त करेंगी, जबकि जीरो जोन में छात्रों के वाहनों की एंट्री पूरी तरह रोकने को कहा गया है।

भीड़ बढ़ी तो खाकी का एक्शन

कॉलेज के भीतर-बाहर अनावश्यक भीड़ जमा नहीं होने दी जाएगी। अराजक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी और जरूरत पड़ने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। मतगणना केंद्र पर तैनात जवानों को विवाद की स्थिति पैदा होने से पहले ही नियंत्रण के निर्देश दिए गए हैं।

भारी-भरकम फोर्स, फ्लैग मार्च से शक्ति प्रदर्शन

चुनाव के लिए 6 जीओ, 9 इंस्पेक्टर, 10 एसओ/एसएसआई, 37 एसआई, 16 एलएसआई, 30 एएसआई, 33 हेड कांस्टेबल, 77 कांस्टेबल और 34 महिला कांस्टेबल समेत एंटी-रायट, टियर गैस, दो फायर यूनिट और आईआरबी/पीएसी की कंपनी तैनात की गई है।

ब्रीफिंग के बाद पुलिस ने कॉलेज और आसपास के क्षेत्रों में फ्लैग मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। यातायात पुलिस को डायवर्जन के दौरान वाहनों को लगातार चलायमान रखने और सड़क किनारे अनावश्यक पार्किंग रोकने के निर्देश दिए गए हैं।

ब्रीफिंग में एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, सीओ हल्द्वानी रविकांत सेमवाल समेत पुलिस व प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

Popular Articles