नई दिल्ली। देशभर में 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल स्थगित कर दी गई है। रविवार देर रात भारतीय बैंक संघ (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच हुई बातचीत के बाद दोनों पक्षों में सहमति बनी। इसके साथ ही सोमवार से बैंक शाखाओं में सामान्य कामकाज शुरू रहेगा और ग्राहकों को हड़ताल के कारण होने वाली संभावित परेशानी से राहत मिल गई है।
हड़ताल का आह्वान बैंक यूनियनों ने विभिन्न लंबित मांगों को लेकर किया था। इनमें सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करना प्रमुख मांग थी। प्रस्तावित हड़ताल के चलते सरकारी बैंकों और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों की शाखाओं में नकद जमा-निकासी, चेक क्लीयरेंस और अन्य बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने की आशंका थी। अब हड़ताल स्थगित होने से इन सेवाओं पर इसका असर नहीं पड़ेगा।
पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था पर समिति बनेगी
रविवार रात करीब 9:30 बजे हुई बैठक में सभी शनिवारों को अवकाश घोषित करने के मुद्दे पर IBA और UFBU की संयुक्त समिति गठित करने पर सहमति बनी। समिति विभिन्न विकल्पों पर विचार करेगी और सभी संबंधित पक्षों, विशेषकर ग्राहकों के हितों को ध्यान में रखते हुए समाधान तलाशेगी।
PLI समेत लंबित मुद्दों पर भी होगी बातचीत
बैठक में स्केल-IV और उससे ऊपर के बैंक अधिकारियों के लिए परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) योजना में बदलाव से जुड़े मुद्दे पर भी चर्चा हुई। IBA इस संबंध में यूनियनों और अधिकारियों की चिंताओं पर आगे बातचीत करेगा और आवश्यक प्रस्ताव सरकार के समक्ष रखने पर विचार करेगा।
इसके अलावा 8 मार्च 2024 की बैठक के कार्यवृत्त में दर्ज अन्य लंबित मुद्दों पर भी जल्द समाधान निकालने के लिए बातचीत जारी रखने पर सहमति बनी है। इन सहमतियों के बाद UFBU ने फिलहाल प्रस्तावित आंदोलन और हड़ताल स्थगित करने का फैसला किया।
ग्राहकों को बड़ी राहत
हड़ताल स्थगित होने से महीने के अंत में बैंकिंग सेवाओं के सामान्य रहने का रास्ता साफ हो गया है। खासकर 30 सितंबर को छमाही समापन के कारण बैंकिंग और कारोबारी गतिविधियों पर संभावित असर की आशंका थी। अब देशभर में बैंक शाखाएं सामान्य रूप से काम करेंगी और ग्राहकों को जरूरी बैंकिंग कार्यों के लिए किसी अतिरिक्त व्यवधान का सामना नहीं करना पड़ेगा।





