नई दिल्ली। भारत शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के राष्ट्रीय समन्वयकों की बैठक में हिस्सा लेगा। पाकिस्तान की मेजबानी में यह बैठक 28 से 30 सितंबर तक इस्लामाबाद में आयोजित होगी। भारत की ओर से राष्ट्रीय समन्वयक आलोक डिमरी के बैठक में शामिल होने की उम्मीद है।
बैठक में पाकिस्तान की वर्ष 2026-27 के लिए SCO अध्यक्षता के तहत प्रस्तावित कार्यक्रमों और आगामी बैठकों की रूपरेखा पर चर्चा होगी। इसमें संगठन के विभिन्न कार्यक्रमों का कैलेंडर तय करने के साथ अन्य एजेंडे पर भी विचार किया जाएगा। यह बैठक अगले वर्ष होने वाली SCO राष्ट्राध्यक्षों की बैठक की तैयारियों की दिशा में भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
2027 में इस्लामाबाद में होगा शिखर सम्मेलन
पाकिस्तान ने 2026-27 के लिए SCO के राष्ट्राध्यक्ष परिषद की अध्यक्षता संभाली है। उसके कार्यकाल के दौरान अगस्त 2027 में इस्लामाबाद में SCO राष्ट्राध्यक्षों का शिखर सम्मेलन आयोजित किया जाना है। राष्ट्रीय समन्वयकों की बैठक इसी प्रक्रिया के तहत शुरुआती स्तर की महत्वपूर्ण बैठक है।
पाकिस्तान ने अपनी अध्यक्षता के लिए ‘विजन को एक्शन में बदलना : कनेक्टिविटी, इनोवेशन और साझा समृद्धि’ थीम रखी है। इसके तहत क्षेत्रीय संपर्क बढ़ाने, नवाचार को प्रोत्साहित करने, आर्थिक सहयोग मजबूत करने और लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने पर जोर देने की बात कही गई है।
भारत की सक्रिय भागीदारी जारी
भारत 2017 में SCO का पूर्ण सदस्य बना था और तब से संगठन की विभिन्न बैठकों और तंत्रों में सक्रिय रूप से भाग लेता रहा है। प्रधानमंत्री स्तर पर SCO के राष्ट्राध्यक्ष सम्मेलन और विदेश मंत्री स्तर पर सरकार प्रमुखों की बैठकों में भारत की भागीदारी होती रही है।
भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय संबंधों में लंबे समय से तनाव के बावजूद SCO के बहुपक्षीय मंच पर दोनों देशों के अधिकारी संगठन से संबंधित बैठकों में हिस्सा लेते रहे हैं। हालांकि, 2027 के इस्लामाबाद शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संभावित भागीदारी पर अभी कोई निर्णय सामने नहीं आया है।





