नई दिल्ली। नेशनलिस्ट सिटिजंस पार्टी ऑफ इंडिया (NCPI) ने अपनी नई राष्ट्रीय संगठनात्मक टीम की घोषणा कर दी है। पार्टी ने ज्योतिप्रकाश चटर्जी को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया है। वहीं पूर्व तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद और क्रिकेटर यूसुफ पठान समेत कई नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पार्टी की ओर से घोषित 27 राष्ट्रीय पदाधिकारियों में पूर्व TMC सांसदों को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं। यूसुफ पठान के अलावा अबू ताहिर खान, दीपक अधिकारी देव, जगदीश चंद्र बर्मा बसुनिया और रचना बनर्जी को उपाध्यक्ष बनाया गया है। चंद्रिमा पांजा को भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है।
छह नेताओं को महासचिव की जिम्मेदारी
NCPI की नई टीम में छह नेताओं को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। इनमें उत्तिया कुंडू, मिताली बाग, बापी हलदर, सुलेखा भुनिया, विवेक मिश्रा और शुवेंदु चक्रवर्ती शामिल हैं। इसके अलावा 12 नेताओं को राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। स्वरूप जायसवाल को कोषाध्यक्ष और सुदाम जेट्टी को संयुक्त कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
पूर्व TMC सांसदों की भूमिका
यह संगठनात्मक बदलाव ऐसे समय हुआ है जब पूर्व TMC सांसदों के NCPI में शामिल होने को लेकर राजनीतिक और कानूनी गतिविधियां जारी हैं। रिपोर्टों के अनुसार, 20 पूर्व TMC लोकसभा सांसद NCPI में शामिल हुए थे। इनके खिलाफ दल-बदल कानून के तहत अयोग्यता संबंधी याचिकाएं भी दाखिल की गई हैं। संबंधित मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच चुका है।
पूर्व सांसदों का कहना है कि NCPI में उनका जाना वैध विलय के तहत हुआ है। वहीं, उनके खिलाफ दायर अयोग्यता संबंधी मामलों पर प्रक्रिया जारी है। नई राष्ट्रीय टीम की घोषणा को पार्टी के संगठनात्मक ढांचे के विस्तार के तौर पर देखा जा रहा है।




