Top 5 This Week

Related Posts

सुरेंद्र कोली मौत मामले में आज डॉक्टर सौंपेंगे रिपोर्ट, जांच में आत्महत्या के संकेत

हरिद्वार। निठारी कांड में सुप्रीम कोर्ट से बरी किए गए सुरेंद्र कोली उर्फ सदाराम की मौत के मामले में डॉक्टरों का पैनल मंगलवार को अपनी रिपोर्ट पुलिस को सौंप सकता है। पोस्टमार्टम के बाद पिछले तीन दिनों से चिकित्सक मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रहे हैं। अब तक की जांच में आत्महत्या के संकेत मिलने की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने से पहले मौत के कारण पर अंतिम निष्कर्ष देने से इनकार किया है।

सुरेंद्र कोली 18 सितंबर को हरिद्वार के सप्तसरोवर मार्ग स्थित वैष्णो देवी मंदिर के सामने एक चाय के खोखे में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिले थे। उनका शव फंदे से लटका मिला था। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। पुलिस ने शुरुआती जांच में आत्महत्या की आशंका जताई थी।

गले पर रस्सी के निशान की भी जांच

पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी भी कराई गई थी। सोमवार को वरिष्ठ डॉक्टरों और विशेषज्ञों ने वीडियोग्राफी का अध्ययन किया। इस दौरान गले पर रस्सी के निशान और नाक से खून आने सहित कई बिंदुओं की जांच की गई। स्वास्थ्य विभाग से जुड़े सूत्रों के अनुसार, अभी तक सामने आए तथ्यों से आत्महत्या की संभावना दिखाई दे रही है।

हालांकि हरिद्वार के सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही मौत के कारण के संबंध में स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा। पुलिस मामले की जांच जारी रखे हुए है।

परिजनों ने उठाए थे सवाल

सुरेंद्र कोली के परिजनों और उनके परिचित पूर्व जिला पंचायत सदस्य नारायण सिंह रावत ने मौत की परिस्थितियों पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की थी। उन्होंने आत्महत्या की संभावना पर संदेह जताया था। दूसरी ओर, पोस्टमार्टम के बाद पुलिस सूत्रों ने बताया था कि शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं मिले।

अब डॉक्टरों की रिपोर्ट और पुलिस जांच से ही यह स्पष्ट होगा कि सुरेंद्र कोली की मौत किन परिस्थितियों में हुई। रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई तय करेगी।

Popular Articles