Top 5 This Week

Related Posts

कनाडा में ट्रेनिंग उड़ान के दौरान विमान हादसा, दो भारतीय छात्रों की मौत

ओटावा। कनाडा में उड़ान प्रशिक्षण के दौरान हुए एक विमान हादसे में दो भारतीय छात्रों की मौत हो गई। हादसे में जान गंवाने वाले दोनों छात्र तमिलनाडु और पुडुचेरी के रहने वाले थे। घटना की पुष्टि वैंकूवर स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने की है।

मृतकों की पहचान तमिलनाडु के मनोज शिवकुमार और पुडुचेरी के श्रीसरन तिरुग्नानसंबंधम के रूप में हुई है। दोनों कनाडा में कमर्शियल पायलट और एविएशन से संबंधित प्रशिक्षण ले रहे थे। प्रशिक्षण उड़ान के दौरान विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें दोनों की जान चली गई।

भारतीय दूतावास ने जताया दुख

हादसे के बाद वैंकूवर स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने दोनों छात्रों की मौत पर गहरा दुख जताया। दूतावास ने कहा कि इस कठिन समय में उसकी संवेदनाएं मृतकों के परिवार और उनके प्रियजनों के साथ हैं।

दूतावास ने यह भी बताया कि अधिकारियों का संपर्क दोनों परिवारों और स्थानीय प्रशासन के साथ बना हुआ है। छात्रों के पार्थिव शरीर भारत लाने की प्रक्रिया में परिजनों को आवश्यक वाणिज्य दूतावास संबंधी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

हादसे के कारणों की जांच

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों छात्र अपनी उड़ान प्रशिक्षण प्रक्रिया के तहत अभ्यास कर रहे थे, तभी विमान हादसे का शिकार हो गया। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। स्थानीय अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं।

इस घटना की जानकारी सामने आने के बाद दोनों छात्रों के परिवारों में शोक का माहौल है। भारतीय मिशन ने परिवारों को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।

Popular Articles