देहरादून, 16 सितंबर। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को अपना जन्मदिन दिव्यांग बालिकाओं के साथ मनाया। इस दौरान उन्होंने बालिकाओं से बातचीत की, उनका हालचाल जाना और उनके साथ समय बिताया। मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर प्रदेशभर से उन्हें शुभकामनाएं भी मिल रही हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी धामी को जन्मदिन पर शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की है।
मुख्यमंत्री ने जन्मदिन के अवसर पर दिव्यांग बालिकाओं के साथ केक काटा और उनके साथ खुशियां साझा कीं। उन्होंने बालिकाओं से उनकी पढ़ाई, दिनचर्या और रुचियों के बारे में जानकारी ली। इस दौरान बालिकाओं ने भी मुख्यमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
धामी ने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग की खुशियों और सम्मान का ध्यान रखना जरूरी है। दिव्यांग बच्चों को बेहतर शिक्षा, सुविधाएं और आत्मनिर्भर बनने के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
प्रधानमंत्री ने दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पत्र भेजकर उन्हें शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री ने उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अपने अनुभव, समर्पण और दूरदर्शिता के माध्यम से उत्तराखंड को प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाएं।
धामी ने प्रधानमंत्री की शुभकामनाओं के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का उत्तराखंड के विकास के लिए मार्गदर्शन और सहयोग उन्हें निरंतर प्रेरणा देता है।
कई नेताओं ने दी बधाई
मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर प्रदेश के कैबिनेट मंत्रियों, विधायकों और विभिन्न दायित्वधारियों ने भी उनसे मुलाकात कर शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री के जन्मदिन को लेकर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए।
धामी ने कहा कि प्रदेशवासियों का स्नेह और शुभकामनाएं उनके लिए विशेष महत्व रखती हैं। उन्होंने उत्तराखंड के विकास और जनसेवा के संकल्प के साथ आगे भी कार्य करने की बात कही





