चेन्नई, 16 सितंबर। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय का कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) से तैयार डीपफेक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के आरोप में तमिलनाडु अपराध शाखा-सीआईडी (CB-CID) ने राजस्थान के अलवर जिले से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, इन फर्जी वीडियो के जरिए लोगों को आर्थिक मदद का झांसा देकर ठगी की जा रही थी।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अलवर जिले के लक्ष्मणगढ़ निवासी 28 वर्षीय शायबू खान के रूप में हुई है। सीबी-सीआईडी की विशेष टीम ने राजस्थान पुलिस की मदद से उसे 12 सितंबर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के पास से मोबाइल फोन, सिम कार्ड और सीपीयू समेत अन्य डिजिटल उपकरण जब्त किए हैं। बाद में आरोपी को ट्रांजिट वारंट पर तमिलनाडु लाया गया, जहां उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
आर्थिक मदद का दिया जा रहा था झांसा
पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया निगरानी के दौरान फेसबुक पर कई ऐसे वीडियो मिले, जिनमें AI तकनीक के जरिए मुख्यमंत्री विजय का चेहरा और आवाज जैसी प्रस्तुति तैयार की गई थी। वीडियो में हिंदी भाषा का इस्तेमाल करते हुए लोगों को आर्थिक सहायता दिलाने का दावा किया गया और एक व्हाट्सऐप नंबर पर संपर्क करने के लिए कहा गया। जांच में सामने आया कि इन वीडियो के जरिए मध्य प्रदेश समेत अन्य राज्यों में भी लोगों को निशाना बनाया गया।
मामले का पता चलने के बाद सीबी-सीआईडी के साइबर अपराध प्रकोष्ठ ने एक सितंबर को भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। डिजिटल साक्ष्यों और सेवा प्रदाताओं से मिली जानकारी के आधार पर जांच टीम राजस्थान और मध्य प्रदेश पहुंची।
बड़े नेटवर्क की भी जांच
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने यह काम अकेले किया या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है। जांच में कुछ ऐसे फेसबुक अकाउंट भी सामने आए हैं, जिनके पाकिस्तान से संचालित होने का संदेह जताया गया है। इन अकाउंट को संचालित करने वालों की पहचान और उनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है।
तमिलनाडु पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर प्रसारित ऐसे वीडियो और आर्थिक सहायता से जुड़े प्रस्तावों पर भरोसा नहीं करने तथा किसी अनजान व्यक्ति के साथ निजी या बैंकिंग जानकारी साझा न करने की अपील की है।





