Top 5 This Week

Related Posts

आय से अधिक संपत्ति मामले में भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता पर शिकंजा, पटना-पूर्णिया में तीन ठिकानों पर छापा

पटना। आय से अधिक संपत्ति के मामले में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बुधवार को भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता सत्येंद्र कुमार चौधरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। पूर्णिया में पदस्थापित अभियंता से जुड़े पटना और पूर्णिया के तीन ठिकानों पर निगरानी की अलग-अलग टीमों ने एक साथ छापेमारी शुरू की।

निगरानी टीम तलाशी के दौरान जमीन-मकान से जुड़े दस्तावेज, बैंक खातों में लेनदेन, निवेश और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड खंगाल रही है। जांच का मुख्य उद्देश्य अधिकारी की घोषित आय और उनके तथा परिवार के सदस्यों के नाम पर मौजूद चल-अचल संपत्ति के बीच अंतर का पता लगाना है।

पटना के दो और पूर्णिया के एक ठिकाने पर कार्रवाई

जानकारी के अनुसार, निगरानी टीमों ने पटना में दो और पूर्णिया में एक ठिकाने पर एक साथ तलाशी ली। टीम संपत्तियों के स्वामित्व, उनकी खरीद या निर्माण में खर्च हुई रकम तथा रकम के स्रोत की भी जांच कर रही है। बैंक खातों और निवेश से जुड़े दस्तावेजों को भी जांच के दायरे में लिया गया है।

पटना के फुलवारी शरीफ में एम्स के पास निकुंज कॉलोनी स्थित मकान की भी तलाशी ली जा रही है। बताया गया है कि यह मकान सत्येंद्र कुमार चौधरी और उनकी पत्नी से जुड़ा है। इसके अलावा एजी कॉलोनी स्थित कृषि नगर में भी उनके आवास की जानकारी सामने आई है, जहां उनके दो भाई परिवार के साथ रहते हैं।

परिवार से जुड़ी संपत्तियों की भी जांच

निगरानी टीम परिवार के सदस्यों के नाम पर दर्ज संपत्तियों और उनके बैंकिंग लेनदेन की भी जांच कर रही है। अधिकारियों की घोषित आय, संपत्ति खरीद में किए गए खर्च और निवेश का मिलान किया जा रहा है।

फिलहाल छापेमारी और दस्तावेजों की जांच जारी है। तलाशी पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि जांच में कितनी संपत्ति और वित्तीय रिकॉर्ड सामने आए तथा उनमें से कितनी संपत्ति आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक पाई जाती है।

Popular Articles