Top 5 This Week

Related Posts

पीएम मोदी और गुटेरस की बैठक में यूएन सुधार पर जोर, वैश्विक संघर्षों समेत कई मुद्दों पर हुई चर्चा

नई दिल्ली। ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से इतर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरस से मुलाकात की। नई दिल्ली में हुई इस बैठक में दोनों नेताओं ने वैश्विक संघर्षों, बहुपक्षीय संस्थाओं में सुधार और बदलती वैश्विक परिस्थितियों समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा की।

बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और गुटेरस ने बहुध्रुवीय विश्व व्यवस्था के महत्व पर जोर दिया। दोनों नेताओं ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद समेत बहुपक्षीय संस्थाओं में सुधार किया जाना जरूरी है, ताकि ये संस्थाएं मौजूदा वैश्विक वास्तविकताओं को बेहतर ढंग से प्रतिबिंबित कर सकें।

पश्चिम एशिया और यूक्रेन के संघर्ष पर चर्चा

दोनों नेताओं के बीच पश्चिम एशिया और यूक्रेन में जारी संघर्षों को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ। इन संघर्षों का वैश्विक अर्थव्यवस्था, खाद्य और उर्वरक उपलब्धता पर पड़ रहे प्रभाव पर भी चर्चा की गई। इसके अलावा नौवहन की स्वतंत्रता को बनाए रखने के महत्व पर सहमति जताई गई।

एआई और सतत विकास पर भी बातचीत

बैठक में सतत विकास, मानव-केंद्रित और समावेशी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), नवीकरणीय ऊर्जा तथा वैश्विक खाद्य सुरक्षा जैसे मुद्दे भी प्रमुखता से उठे। प्रधानमंत्री मोदी ने बहुपक्षवाद को मजबूत करने और अधिक समावेशी वैश्विक व्यवस्था के निर्माण के लिए भारत की प्रतिबद्धता दोहराई।

गुटेरस ने भारत की चौथी बार ब्रिक्स अध्यक्षता के लिए प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दी। संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, उन्होंने भारत के साथ संगठन के करीबी सहयोग की भी सराहना की। प्रधानमंत्री मोदी ने गुटेरस के कार्यकाल के शेष समय के लिए उन्हें शुभकामनाएं दीं।

भारत की लंबे समय से मांग रही है कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की संरचना में व्यापक सुधार किया जाए, ताकि 21वीं सदी की राजनीतिक और आर्थिक वास्तविकताओं के अनुरूप इसका प्रतिनिधित्व अधिक संतुलित हो सके।

Popular Articles