देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को हाथीबड़कला स्थित सेंट्रियो मॉल में संत नीब करौरी बाबा के जीवन, भक्ति, सेवा और आध्यात्मिक यात्रा पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ देखी। इस दौरान उनकी धर्मपत्नी गीता धामी और कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी व प्रदीप बत्रा भी मौजूद रहे। फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री ने इसे उत्तराखंड में टैक्स फ्री करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भारत की संत परंपरा ने हमेशा समाज को सत्य, सेवा, करुणा और आध्यात्मिकता का मार्ग दिखाया है। नीब करौरी बाबा का जीवन इसी महान परंपरा का प्रेरणादायी उदाहरण है। उनकी भक्ति, मानव सेवा और सभी के प्रति प्रेम का संदेश आज भी प्रासंगिक है और समाज को नई दिशा देने की क्षमता रखता है।
उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड महान संतों और आध्यात्मिक परंपराओं की भूमि रही है। नैनीताल स्थित कैंची धाम आज देश-विदेश में श्रद्धा और आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है। नीब करौरी बाबा के जीवन और उनके विचारों ने बड़ी संख्या में लोगों को प्रभावित किया है।
फिल्म ‘हनुमान अंश’ में बाबा की आध्यात्मिक यात्रा के साथ उनके जीवन से जुड़े प्रमुख मूल्यों को केंद्र में रखा गया है। इसमें ईश्वर के प्रति अटूट श्रद्धा, मानव सेवा, करुणा, प्रेम, विनम्रता और लोक कल्याण जैसे संदेशों को प्रमुखता दी गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी फिल्में भारतीय संत परंपरा और आध्यात्मिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम बन सकती हैं। बाबा का जीवन यह संदेश देता है कि मानव सेवा और परोपकार के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
फिल्म को उत्तराखंड में टैक्स फ्री करने के फैसले से प्रदेश में इसके प्रदर्शन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। सरकार का मानना है कि बाबा नीब करौरी की आध्यात्मिक विरासत और उनके सेवा-प्रेम के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने में फिल्म महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।





