रामगढ़। रामगढ़-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित चुटूपालू घाटी में शुक्रवार शाम ब्रेक फेल होने के बाद एक अनियंत्रित ट्रेलर ने जमकर तांडव मचाया। ढलान पर बेकाबू हुए ट्रेलर ने एक बाइक समेत आधा दर्जन से अधिक वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में ड्यूटी पर जा रहे रेलवे स्टेशन मास्टर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
ड्यूटी पर जा रहे थे स्टेशन मास्टर
मृतक की पहचान रांची के जोन्हा क्षेत्र के सिमरबेड़ा निवासी जगदेव तिर्की के रूप में हुई है। वह जगेश्वर बिहार स्टेशन पर स्टेशन मास्टर के पद पर तैनात थे। शुक्रवार शाम वह अपनी पैशन प्रो बाइक से ड्यूटी के लिए जा रहे थे। रामगढ़ थाना क्षेत्र में वकच टावर के पास पहुंचने पर तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रेलर ने बाइक को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से कुचलने के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
टोल गेट पार करते ही फेल हुआ ब्रेक
पुलिस के अनुसार रांची की ओर से रामगढ़ आ रहे ट्रेलर का चुटूपालू घाटी में प्रवेश करते ही ब्रेक फेल हो गया। टोल गेट पार करने के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। ढलान होने के कारण ट्रेलर की रफ्तार बढ़ती गई और रास्ते में आने वाले वाहनों को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ता गया।
कई वाहन क्षतिग्रस्त
हादसे में एक मारुति स्विफ्ट, एक्सयूवी-300 और एक भारी ट्रक समेत कई वाहन क्षतिग्रस्त हुए। ट्रेलर की टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहनों के परखच्चे उड़ गए। हालांकि अन्य वाहनों में सवार कई लोग बाल-बाल बच गए और कुछ लोगों को हल्की चोटें आईं। हादसे के बाद ट्रेलर चालक और खलासी मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। ओरमांझी पुलिस की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य कराया गया। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।





