Top 5 This Week

Related Posts

उत्तराखंड में बारिश का कहर, तीन बच्चों समेत 11 की मौत; आज भी कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

देहरादून, 2 सितंबर। उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। प्रदेश में अलग-अलग वर्षाजनित हादसों में तीन बच्चों समेत 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला समेत दो लोग लापता बताए जा रहे हैं। कई स्थानों पर भूस्खलन, मलबा आने और सड़कें बंद होने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

देहरादून में सोमवार देर रात तेज बारिश के दौरान पौंधा-कंडोली मार्ग पर दो कारें रपटे में बह गईं। हादसे में एक एमबीबीएस छात्रा समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन युवाओं को रेस्क्यू कर सुरक्षित बचाया गया। वहीं, अल्मोड़ा के हवालबाग क्षेत्र में मकान की दीवार गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई। बारिश के कारण कई अन्य स्थानों पर भी हादसे हुए हैं।

भारी बारिश से नदियों और बरसाती गदेरों का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। देहरादून-मसूरी मार्ग समेत कई सड़कों पर मलबा आने से यातायात प्रभावित हुआ। प्रशासन और आपदा राहत दल प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हैं। लोगों को नदी-नालों और भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

देहरादून, नैनीताल और बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने बुधवार को देहरादून, नैनीताल और बागेश्वर में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

लगातार बारिश को देखते हुए कई प्रभावित जिलों में स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है और आपदा प्रबंधन टीमों को अलर्ट पर रखा गया है। मौसम विभाग ने लोगों से मौसम की स्थिति को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Popular Articles