देहरादून। राजधानी देहरादून में सोमवार को आयोजित ‘भारत गौरव पुरस्कार-2026’ समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 22 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भारत गौरव अवार्ड फाउंडेशन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने पुरस्कार प्रदान किए।
राज्यपाल ने कहा कि किसी व्यक्ति की उपलब्धि केवल उसकी व्यक्तिगत सफलता तक सीमित नहीं होती। जब प्रतिभा समाज में सकारात्मक बदलाव लाती है और राष्ट्र की प्रगति में योगदान देती है, तो वह पूरे देश की उपलब्धि बन जाती है। उन्होंने कहा कि देश के युवा विज्ञान, तकनीक, अनुसंधान, खेल, स्टार्टअप, उद्योग, कला और सामाजिक सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी क्षमता का प्रदर्शन कर रहे हैं।
भारत गौरव पुरस्कार पाने वालों में परमवीर चक्र विजेता योगेंद्र सिंह यादव, कर्नाटक की प्रधान वन संरक्षक मीनाक्षी नेगी, पंजाब सरकार के प्रधान सचिव राहुल भंडारी, डॉ. कुंदन यादव और डॉ. ललिता कुमारी सहित कई प्रमुख नाम शामिल रहे। खेल क्षेत्र से अर्जुन पुरस्कार विजेता दीपक निवास हुड्डा को भी सम्मानित किया गया।
इसके अलावा कला-संस्कृति, सामाजिक सेवा, प्रशासन, उद्योग और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाली प्रतिभाओं को भी पुरस्कार प्रदान किए गए। उत्तराखंड से जयदीप अरोड़ा को यूसीडीएफ से जुड़े योगदान के लिए सम्मान मिला।
समारोह में कुछ विशिष्ट व्यक्तित्वों को लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार भी प्रदान किए गए। इनमें आंध्र प्रदेश सरकार में टीटीडी के सदस्य भानु प्रकाश रेड्डी, राष्ट्रीय सैनिक संस्था के चेयरमैन तेजेंद्र पाल त्यागी और पूर्व प्रधान वन संरक्षक समीर सिन्हा शामिल हैं।
वहीं, युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए भारत युवा पुरस्कार-2026 भी दिए गए। इनमें एनएमएफ न्यूज के प्रधान संपादक गुड्डू खेतान, अंतरराष्ट्रीय शो जंपिंग खिलाड़ी अब्बास खान, सामाजिक कार्यकर्ता अमित चंदेला और उत्तराखंड के गौ सेवक विराट आर्य शामिल रहे।
भारत गौरव अवार्ड फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं आंध्र प्रदेश के पूर्व डीजी अंजनी कुमार ने सभी पुरस्कार विजेताओं को शुभकामनाएं दीं। समारोह में प्रतिभाओं से अपनी उपलब्धियों को समाज और राष्ट्र की प्रगति से जोड़ते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया गया।





