देहरादून। उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय है और प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र ने 1 सितंबर को देहरादून और टिहरी जिले में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके मद्देनजर देहरादून जिले में कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, सितंबर की शुरुआत भी तेज बारिश के साथ होने की संभावना है। पौड़ी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, चंपावत, नैनीताल और हरिद्वार में बिजली चमकने के साथ तेज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश में छह सितंबर तक मौसम खराब रहने का अनुमान है।
देहरादून में सोमवार को दिनभर मौसम अपेक्षाकृत शांत रहा, लेकिन शाम के समय अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। करीब एक घंटे की मूसलाधार बारिश से शहर के कई हिस्सों में जलभराव हो गया। दर्शनलाल चौक, एस्लेहॉल चौक, रेलवे स्टेशन, प्रिंस चौक और माजरा समेत कई इलाकों में सड़कें पानी से भर गईं। इससे राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई।
लगातार बारिश के कारण नदियों और बरसाती नालों का जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए देहरादून पुलिस को अलर्ट मोड पर रखा गया है। पुलिस टीमें संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त कर रही हैं। लाउडस्पीकर के जरिए नदी-नालों के किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क किया जा रहा है और बढ़ते जलस्तर के मद्देनजर वहां न जाने की अपील की जा रही है।
पहाड़ी जिलों में लगातार बारिश के चलते भूस्खलन और सड़क बाधित होने का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आने वाले दिनों में भी बारिश से तत्काल राहत मिलने की संभावना कम है।





