पूर्व विधायक ठुकराल समर्थकों के साथ चौकी में बैठे धरने पर,उत्पीड़न का आरोप
रुद्रपुर। कोतवाली ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में स्थित एक होटल में अनियमितता की शिकायत के बाद पुलिस और एएचटीयू की टीम ने बुधवार शाम को लघु उद्योग व्यापार मंडल ट्रांजिट कैंप अध्यक्ष को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। अध्यक्ष को हिरासत में लेने की जानकारी मिलने पर समर्थकों में आक्रोश फैल गया। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में समर्थक आवास विकास चौकी पहुंचे और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए। पूर्व विधायक ठुकराल ने आरोप लगाया कि अध्यक्ष को बिना किसी पूर्व नोटिस के बड़ी संख्या में पुलिस कर्मी चौकी लेकर पहुंचे। उन्होंने कहा कि गुप्ता समाजसेवी हैं और हर वर्ष गरीब बेटियों की शादी करवाते हैं। उनका होटल अपना होटल के नाम से संचालित है, जहां नियम-कानून और सीसीटीवी समेत जरूरी औपचारिकताएं पूरी होने का दावा किया गया।
ठुकराल ने पुलिस की कार्रवाई को राजनीतिक द्वेष से प्रेरित बताते हुए इसे लोकतंत्र की हत्या और तानाशाही करार दिया। धरने में संजय ठुकराल, विजय बाजपेई, आनंद शर्मा, कुलदीप गंगवार, ललित बिष्ट, जगमोहन, सोनू सक्सेना समेत कई लोग मौजूद रहे। उधर पुलिस के अनुसार, होटल में अनियमितता की शिकायत मिली थी। पुलिस और एएचटीयू की टीम ने मौके पर पहुंचकर दस्तावेजों की जांच की। जांच के दौरान कुछ गड़बड़ी और अनियमितताएं सामने आने पर होटल संचालक को पूछताछ के लिए ट्रांजिट कैंप कोतवाली लाया गया। वहीं दूसरी ओर पुलिस ने कई घंटे की पूछताछ के बाद छोड़ दिया।
दर्जा मंत्री रामपाल सिंह भी पहुंचे चौकी
रुद्रपुर। पूर्व मेयर एवं दर्जा राज्य मंत्री रामपाल सिंह भी बुधवार को आवास विकास चौकी पहुंचे। उन्होंने पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में समर्थकों का धरना चल रहा था। रामपाल सिंह ने पूरे मामले की जानकारी ली और पुलिस की कार्रवाई को लेकर बातचीत की। इस दौरान चौकी परिसर में काफी संख्या में लोग जुटे रहे। समर्थकों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
समर्थकों का आरोप- राजनीतिक दबाव में हुई कार्रवाई
रुद्रपुर। होटल संचालक को पुलिस द्वारा पूछताछ के लिए चौकी लाए जाने के बाद समर्थकों ने कार्रवाई को लेकर गंभीर आरोप लगाए। समर्थकों का कहना था कि अध्यक्ष को केवल इसलिए निशाना बनाया जा रहा है क्योंकि वह पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के समर्थक हैं। समर्थकों का आरोप था कि पुलिस पर राजनीतिक दबाव बनाया गया और इसी के चलते गुप्ता को हिरासत में लिया गया। कहा कि संजीव गुप्ता को इसलिए चौकी लाया गया।
होटल में अनियमितता की शिकायत मिली थी जिस पर एएचटीयू और पुलिस चेकिंग के लिए पहुंची थी।इस दौरान दस्तावेज में कुछ गड़बड़ियों और अनियमित मिली है इसी को लेकर होटल संचालक को चौकी बुलाया गया था। विवेचना जारी है।
विभव सैनी, सीओ सिटी रुद्रपुर





