रुद्रपुर जिला अस्पताल में चिकित्सकों की जल्द नियुक्ति,राजकीय मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस कक्षाएं शुरू कराने की मांग की
रुद्रपुर । रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने देहरादून में प्रदेश के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल से मुलाकात कर रुद्रपुर की स्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं आधुनिक बनाने से जुड़े दो महत्वपूर्ण विषयों को प्रमुखता से उठाया। विधायक ने स्वास्थ्य मंत्री को दो अलग-अलग पत्र सौंपते हुए पंडित जवाहरलाल नेहरू जिला चिकित्सालय रुद्रपुर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की शीघ्र तैनाती तथा रुद्रपुर राजकीय मेडिकल कॉलेज में राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग की आवश्यकताओं को पूरा कर शैक्षणिक सत्र 2026-27 से एमबीबीएस की कक्षाएं इसी वर्ष प्रारंभ कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
जिला चिकित्सालय में विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति नहीं होने से मरीज को इलाज के आभाव मे सुशीला तिवारी जाना पड़ रहा है ऐसे मे जिला अस्पताल मे डॉक्टर की नियुक्ति का जल्द से जल्द होना अत्यंत आवश्यक हो गया है।विधायक ने स्वास्थ्य मंत्री को सौंपे पत्र में कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू जिला चिकित्सालय रुद्रपुर केवल रुद्रपुर नगर ही नहीं, बल्कि पूरे ऊधमसिंह नगर जनपद के लिए प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र के रूप में कार्य करता है।
जनपद के विभिन्न क्षेत्रों के साथ-साथ आसपास के इलाकों से भी बड़ी संख्या में मरीज प्रतिदिन उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचते हैं। ऐसे में जिला चिकित्सालय में विशेषज्ञ चिकित्सकों की पर्याप्त उपलब्धता होना बेहद आवश्यक है।वर्तमान में चिकित्सालय में कई विशेषज्ञ चिकित्सकों के स्थानांतरण, सेवानिवृत्ति एवं अन्य कारणों से पद रिक्त हुए हैं। इसके कारण मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। विशेषकर गंभीर एवं जटिल बीमारियों के मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सक उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में उच्च चिकित्सा संस्थानों की ओर रेफर करना पड़ता है।
विधायक ने स्वास्थ्य मंत्री से स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ, फिजिशियन, आर्थोपेडिक, पैथोलॉजिस्ट सहित आवश्यक विशेषज्ञ चिकित्सकों के रिक्त पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरने तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों की शीघ्र नियुक्ति की मांग की। विधायक ने कहा कि रुद्रपुर तेजी से विकसित हो रहा शहर है और इसके आसपास बड़ी आबादी निवास करती है। जनसंख्या और स्वास्थ्य सेवाओं पर बढ़ते दबाव को देखते हुए जिला चिकित्सालय की चिकित्सा व्यवस्था को लगातार मजबूत किया जाना समय की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता आम जनता को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है और इसी उद्देश्य से उन्होंने यह विषय स्वास्थ्य मंत्री के समक्ष गंभीरता से रखा है। उन्होंने राजकीय मेडिकल कॉलेज में 2026-27 से एमबीबीएस कक्षाएं इसी वर्ष शुरू कराने की मांग की।
मेडिकल कॉलेज शुरू होने से ऊधमसिंह नगर सहित आसपास के जनपदों के लाखों लोगों को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिलेगा और क्षेत्र में चिकित्सा शिक्षा का भी विस्तार होगा।स्वास्थ्य मंत्री ने आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया है।उन्होंने कहा कि मानको को पुरा करने के लिये वह स्वयं स्थिति पर नजर बनाए हुऐ है।





