Top 5 This Week

Related Posts

नासा की तस्वीरों से चांद पर स्पेसएक्स रॉकेट के टकराने की पुष्टि

वाशिंगटन। नासा ने चांद की सतह पर स्पेसएक्स के फाल्कन-9 रॉकेट के ऊपरी चरण के टकराने से बने नए गड्ढे की तस्वीरें जारी की हैं। नासा के लूनर रिकॉनिसेंस ऑर्बिटर (LRO) से ली गई तस्वीरों में टक्कर से पहले और बाद के क्षेत्र की स्पष्ट तुलना की गई है। वैज्ञानिकों के अनुसार, इस घटना से चांद की सतह पर करीब 18 मीटर चौड़ा और तीन मीटर से कम गहरा गड्ढा बना है।

रिपोर्ट के मुताबिक, करीब चार टन वजनी फाल्कन-9 का ऊपरी चरण 5 अगस्त 2026 को लगभग 8,700 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चांद की सतह से टकराया था। यह रॉकेट चरण एक वर्ष से अधिक समय से अंतरिक्ष में भटक रहा था। वर्ष 2025 में इसी रॉकेट ने दो निजी चंद्र लैंडर और एक छोटे रोवर को अंतरिक्ष में भेजा था।

नासा की तस्वीरों में गड्ढे से बाहर निकलती गहरी और चमकीली धारियां भी दिखाई दे रही हैं। वैज्ञानिकों के अनुसार, गहरी धारियां चांद की ऊपरी सतह से निकली पुरानी सामग्री को दर्शाती हैं, जबकि चमकीली धारियां गहराई से बाहर आए ताजा पत्थरों और मिट्टी की हैं। इनका फैलाव तितली के पंखों जैसा दिखाई देता है।

LRO ने टक्कर के करीब एक सप्ताह बाद लगभग 96 किलोमीटर की ऊंचाई से तस्वीरें लीं। इसके लिए मिशन नियंत्रकों को ऑर्बिटर का रुख बदलकर कैमरे को टक्कर वाली जगह की ओर करना पड़ा। दक्षिण कोरिया का डानुरी चंद्रयान इस घटना के बाद शुरुआती तस्वीरें लेने वाला पहला अंतरिक्ष यान था।

वैज्ञानिकों के लिए यह घटना इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि भविष्य में चांद पर मानव बस्तियां और स्थायी ढांचे विकसित किए जाने की योजना है। बिना वातावरण वाले चांद पर ऐसे अनियंत्रित टकराव से उड़ने वाली चट्टानें और धूल सतह पर मौजूद उपकरणों के लिए जोखिम पैदा कर सकती हैं।

Popular Articles