मुंबई। टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज (TISS) ने अपने 86वें दीक्षांत समारोह की नई तारीख और मुख्य अतिथि का एलान कर दिया है। अब समारोह 22 अगस्त को आयोजित किया जाएगा और सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत की जगह टाटा मेमोरियल अस्पताल के निदेशक डॉ. सीएस प्रमेश मुख्य अतिथि होंगे।
TISS का दीक्षांत समारोह पहले 2 अगस्त को प्रस्तावित था। इसमें CJI सूर्यकांत को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया था। हालांकि, समारोह से महज दो दिन पहले संस्थान ने इसे अचानक स्थगित कर दिया था। उस समय TISS प्रशासन ने छात्रों को भेजे संदेश में कार्यक्रम टालने के पीछे ‘अप्रत्याशित परिस्थितियों’ का हवाला दिया था।
बाद में सामने आया कि कार्यक्रम के दौरान संभावित विरोध-प्रदर्शन और सुरक्षा संबंधी चिंताओं को लेकर संस्थान में आशंका थी। अधिकारियों और छात्रों के अनुसार, CJI की प्रस्तावित यात्रा को लेकर परिसर में विरोध की संभावना जताई गई थी। हालांकि, संस्थान ने आधिकारिक तौर पर समारोह स्थगित करने का कारण किसी विशेष विरोध समूह से नहीं जोड़ा था।
अचानक कार्यक्रम रद्द होने से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और उनके परिवारों को परेशानी हुई थी। कई परिवार यात्रा, होटल और अन्य व्यवस्थाओं के लिए पहले ही खर्च कर चुके थे। TISS ने बाद में छात्रों को हुई असुविधा पर खेद जताते हुए कहा था कि अंतिम समय में कार्यक्रम स्थगित होने से हुए आर्थिक नुकसान की सहायता संबंधी मांगों पर मामले के आधार पर विचार किया जाएगा।
CJI सूर्यकांत को मुख्य अतिथि बनाए जाने को लेकर देश के कुछ अन्य शैक्षणिक संस्थानों में भी विवाद सामने आया है। हाल में NALSAR विश्वविद्यालय में छात्रों के एक वर्ग ने CJI के मुख्य अतिथि बनने का विरोध किया था। इस विवाद में बार काउंसिल ऑफ इंडिया की कार्रवाई और बाद में सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप ने भी व्यापक चर्चा को जन्म दिया।
अब TISS ने नए कार्यक्रम के साथ विवाद को पीछे छोड़ते हुए 22 अगस्त को दीक्षांत समारोह आयोजित करने की तैयारी शुरू कर दी है। डॉ. सीएस प्रमेश के मुख्य अतिथि बनने से समारोह का स्वरूप भी बदल गया है।





