खटीमा।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को लोहियाहेड हेलीपैड पहुँचे। उन्होंने हेलीपैड और कैंप कार्यालय में जनता एवं जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना। इस अवसर पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जनसेवा ही सरकार का मूल उद्देश्य है और आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता के साथ परीक्षण कर उसका प्रभावी समाधान किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश में सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि के मंत्र के साथ कार्य कर रही है।
शासन और प्रशासन की जवाबदेही तभी सार्थक होगी, जब आम नागरिक को उसकी समस्या का शीघ्र एवं संतोषजनक समाधान मिले। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से जनहित से जुड़े मामलों में पूर्ण गंभीरता, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने को कहा।इस मौके पर मेयर विकास शर्मा,नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी,दर्जा मंत्री गंभीर सिंह धामी,फरजाना बेगम,सुखदेव सिंह नामधारी,किसान सिंह किन्ना, मोहिनी पोखरिया,दान सिंह रावत,सतीश चन्द्र भट्ट,रनदीप पोखरिया,जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति,सीडीओ दिवेश शासनी, एडीएम पंकज उपाध्याय,कौस्तुभ मिश्रा,एसडीएम तुषार सैनी सहित अनेक जनप्रतिनिधि समेत अन्य लोग मौजूद रहे।





