Top 5 This Week

Related Posts

UGC-NET के तीन पेपर रद्द, अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र की सितंबर में होगी दोबारा परीक्षा

नई दिल्ली। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने UGC-NET जून 2026 के अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र विषयों की परीक्षा दोबारा कराने का फैसला किया है। इन तीनों विषयों के प्रश्नपत्रों में कई तरह की गड़बड़ियां सामने आने के बाद एजेंसी ने संबंधित परीक्षाओं को रद्द कर दिया है। 

NTA के अनुसार, विशेषज्ञ समिति की जांच में प्रश्नपत्रों में तथ्यात्मक, भाषाई और अनुवाद संबंधी त्रुटियां पाई गईं। इसके अलावा कुछ प्रश्नों के दोहराए जाने की शिकायतें भी सामने आईं। समिति ने माना कि इन खामियों को केवल उत्तर कुंजी से प्रश्न हटाकर दूर करना उचित नहीं होगा। ऐसे में अभ्यर्थियों के हित और परीक्षा की निष्पक्षता को ध्यान में रखते हुए दोबारा परीक्षा कराने का निर्णय लिया गया।

9 और 10 सितंबर को पुनर्परीक्षा

NTA ने बताया कि अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र के लिए पुनर्परीक्षा 9 और 10 सितंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। इन विषयों में पहले परीक्षा दे चुके अभ्यर्थियों को दोबारा परीक्षा के लिए किसी अतिरिक्त शुल्क का भुगतान नहीं करना होगा। परीक्षा से संबंधित एडमिट कार्ड और अन्य जानकारी NTA की वेबसाइट पर जारी की जाएगी।

बाकी 84 विषयों की परीक्षा पर असर नही

NTA ने स्पष्ट किया है कि पुनर्परीक्षा का निर्णय केवल इन तीन विषयों तक सीमित है। UGC-NET जून 2026 के बाकी 84 विषयों की परीक्षा प्रभावित नहीं होगी। उनके लिए जारी प्रक्रिया के अनुसार उत्तर कुंजी पर आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी और परिणाम तैयार किए जाएंगे।

प्रश्नपत्रों में खामियों को लेकर अभ्यर्थियों की ओर से लगातार शिकायतें सामने आ रही थीं। इसके बाद गठित विशेषज्ञ समिति की रिपोर्ट के आधार पर NTA ने यह कदम उठाया है। एजेंसी ने कहा है कि पुनर्परीक्षा का उद्देश्य सभी अभ्यर्थियों को समान और निष्पक्ष अवसर उपलब्ध कराना है।

आधिकारिक जानकारी के लिए: UGC-NET की NTA वेबसाइट

 

Popular Articles