नई दिल्ली। खाद्य उत्पादों की पैकेजिंग और लेबल पर भ्रामक दावों के खिलाफ भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) की कार्रवाई का असर दिखने लगा है। नियामक की ओर से नोटिस जारी किए जाने के बाद छह खाद्य कारोबारियों ने सुधारात्मक कदम उठाते हुए भ्रामक दावों, ट्रेडमार्क और लेबल में बदलाव किया है। FSSAI ने कहा कि इन कदमों का उद्देश्य उपभोक्ताओं को गलत जानकारी से बचाना और खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करना है।
‘वीगन’ और ‘हेल्दी’ दावे हटाए
Livyor Ventures Pvt Ltd ने अपने ‘Livyor Roasted Edamame Beans’ के लेबल से ‘vegan’ और ‘healthy’ जैसे दावे वापस ले लिए हैं। कंपनी ने FSSAI को दिए जवाब में कहा कि नियामकीय आवश्यकताओं की जानकारी के अभाव में ये दावे पैकेजिंग पर दर्ज हो गए थे। कंपनी ने पुराने गैर-अनुपालक पैकेजिंग को हटाने और नए लेबल तैयार करने की प्रक्रिया शुरू की है।
ट्रेडमार्क और पैकेजिंग में बदलाव
Honest Innovations For You Pvt Ltd और Heliostone Specialities Pvt Ltd ने FSSAI की आपत्तियों के बाद संबंधित ट्रेडमार्क में बदलाव किया है। राजस्थान एग्रो एंड जनरल इंडस्ट्रीज ने भ्रामक दावों को हटाने के साथ PPM के इस्तेमाल को बंद किया। वहीं Iota Nanotechnology Pvt Ltd ने अपने उत्पाद के लेबल से भ्रामक दावे हटाए और गैर-मानकीकृत पानी का उत्पादन रोक दिया।
इसके अलावा Panchamurtha Industries Pvt Ltd ने अपने इलेक्ट्रोलाइट पेय को वेबसाइट से हटा दिया है। FSSAI के अनुसार, सभी कंपनियों ने नोटिस के बाद समयबद्ध तरीके से सुधारात्मक कार्रवाई की है।
उपभोक्ता हित पर जोर
FSSAI लगातार खाद्य उत्पादों पर ‘हेल्दी’, ‘नेचुरल’, ‘वीगन’ और अन्य स्वास्थ्य संबंधी दावों की निगरानी कर रहा है। नियामक का कहना है कि लेबल और विज्ञापन में इस्तेमाल होने वाली जानकारी स्पष्ट, सत्य और निर्धारित नियमों के अनुरूप होनी चाहिए। ताजा कार्रवाई को उपभोक्ता हितों की सुरक्षा और खाद्य बाजार में पारदर्शिता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।





