Top 5 This Week

Related Posts

उत्तराखंड: पहाड़ों में बारिश से उफनाईं नदियां, हरिद्वार में घरों तक पहुंचे मगरमच्छ

हरिद्वार। उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश के चलते नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। इसका असर हरिद्वार के मैदानी इलाकों में भी देखने को मिल रहा है। लक्सर क्षेत्र में नदी के तेज बहाव के कारण मगरमच्छ आबादी वाले इलाकों और घरों के आसपास तक पहुंच रहे हैं। इससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

बारिश के दौरान गंगा, सोलानी और बाणगंगा जैसी नदियों का जलस्तर बढ़ने से मगरमच्छ बहकर नदी किनारे बसे गांवों के तालाबों और जलभराव वाले क्षेत्रों में पहुंच जाते हैं। पानी कम होने के बाद भी कई मगरमच्छ इन इलाकों से वापस नदी तक नहीं लौट पाते और आबादी के नजदीक दिखाई देने लगते हैं।

मगरमच्छों के रिहायशी क्षेत्रों में पहुंचने की सूचना पर वन विभाग की टीमें सक्रिय हैं। विभाग की ओर से संवेदनशील इलाकों में निगरानी और रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। पहले भी लिब्बरहेड़ी और धनौरा गांव के तालाबों से मगरमच्छों को सुरक्षित पकड़कर बाणगंगा में छोड़ा जा चुका है।

वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, बारिश के मौसम में जलस्तर बढ़ने के साथ मगरमच्छ, सांप और अजगर जैसे वन्यजीव भी अपने प्राकृतिक ठिकानों से निकलकर आबादी की ओर आ सकते हैं। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और किसी भी वन्यजीव के दिखाई देने पर उसके करीब न जाने की सलाह दी गई है।

लगातार बारिश से उत्तराखंड में पहाड़ से लेकर मैदान तक जनजीवन प्रभावित है। नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए नदी और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

Popular Articles