स्कूटी की डिग्गी में छिपाकर रखे थे। इंजेक्शन, सिरिंज भी बरामद
हल्द्वानी। काठगोदाम पुलिस की चेकिंग के दौरान नशे के इंजेक्शनों की सप्लाई करने का कथित खेल सामने आया है। गौला बैराज से पहले आलिजा फूड कॉर्नर के पास संदिग्ध हालत में स्कूटी लेकर भागने की कोशिश कर रहे व्यक्ति को पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया। तलाशी में उसकी स्कूटी की डिग्गी से पांच सिरिंज और पांच इंजेक्शन बरामद है
पुलिस के मुताबिक मंगलवार तड़के करीब एक बजे के बाद एसआई दिलीप कुमार पुलिसकर्मियों के साथ मल्ला काठगोदाम क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान आलिजा फूड कॉर्नर के पास खड़ी गाड़ियों की आड़ में एक स्कूटी पर व्यक्ति बैठा दिखाई दिया। पुलिस को अपनी ओर आता देख उसने स्कूटी स्टार्ट कर मौके से निकलने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे रोक लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम प्रमोद सैन, निवासी कुसुमखेड़ा बताया। पुलिस के अनुसार वह स्कूटी के कागजात भी नहीं दिखा सका। डिग्गी की तलाशी लेने पर पारदर्शी पन्नी में नशीले इंजेक्शन और सिरिंज बरामद हुईं।
‘खुद भी करता हूं नशा, बेचने के लिए लाया था’
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह कई वर्षों से इंजेक्शन का नशा करने का आदी है। उसके मुताबिक वह दो-तीन दिन पहले किच्छा से अजय नाम के व्यक्ति से इंजेक्शन खरीदकर लाया था। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने कुछ युवकों को इंजेक्शन बेचने के लिए लाने की बात भी बताई।
पुलिस ने बरामद माल को कब्जे में लेकर सील किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को स्कूटी और बरामद नशीले इंजेक्शनों के साथ अग्रिम कार्रवाई के लिए कोतवाली काठगोदाम ले जाया गया।
काठगोदाम में नशे की सप्लाई पर पुलिस की नजर
कार्रवाई के बाद अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन आरोपी तक कैसे पहुंचे और इनके पीछे सप्लाई की पूरी चेन में कौन-कौन लोग जुड़े हैं। आरोपी द्वारा किच्छा से इंजेक्शन खरीदने की बात बताए जाने के बाद पुलिस इस दिशा में भी जांच कर रही है।
बॉक्स :
इंजेक्शन का नशा या पूरा नेटवर्क?
बरामदगी के बाद पुलिस के सामने सिर्फ आरोपी की गिरफ्तारी का मामला नहीं, बल्कि इंजेक्शन की सप्लाई लाइन तक पहुंचने की चुनौती भी है। आरोपी के बयान में किच्छा से खरीद और हल्द्वानी में बिक्री की बात सामने आने से जांच का दायरा बढ़ सकता है।





