नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी दीप्ति गौड़ मुखर्जी को उच्च शिक्षा विभाग का नया सचिव नियुक्त किया है। यह नियुक्ति केंद्र सरकार के बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत की गई है। कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग से जारी आदेश के अनुसार, 1993 बैच की मध्य प्रदेश कैडर की अधिकारी मुखर्जी अब शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी संभालेंगी।
दीप्ति गौड़ मुखर्जी इससे पहले कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय की सचिव के पद पर कार्यरत थीं। उन्होंने अगस्त 2024 में इस मंत्रालय के सचिव का पद संभाला था। इससे पहले वह राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (NHA) की मुख्य कार्यकारी अधिकारी समेत कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुकी हैं।
मुखर्जी की नई नियुक्ति ऐसे समय हुई है, जब उच्च शिक्षा विभाग और राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) से जुड़े मुद्दे लगातार चर्चा में हैं। उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत NTA आती है, जो नीट-यूजी समेत कई महत्वपूर्ण प्रवेश परीक्षाओं का संचालन करती है।
इस फेरबदल के साथ नरेश पाल गंगवार की उच्च शिक्षा सचिव के रूप में हालिया नियुक्ति में बदलाव किया गया है। गंगवार को 23 जुलाई को इस पद पर नियुक्त किया गया था। करीब 17 दिन बाद केंद्र ने आदेश में संशोधन करते हुए मुखर्जी को यह जिम्मेदारी सौंप दी।
केंद्र के इस फैसले को शिक्षा मंत्रालय में महत्वपूर्ण प्रशासनिक बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है। उच्च शिक्षा क्षेत्र में नीतियों के क्रियान्वयन, विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों से जुड़े मामलों तथा प्रवेश परीक्षाओं की व्यवस्था को लेकर नई सचिव की भूमिका अहम होगी।





