Top 5 This Week

Related Posts

‘क्या आप बैटमैन हैं?’ राहुल गांधी ने Gen Z के सवाल पर दिया मजेदार जवाब

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने युवाओं से जुड़ने की अपनी पहल के तहत इंस्टाग्राम पर ‘आस्क मी एनीथिंग’ (AMA) सत्र आयोजित किया। इसमें छात्रों और Gen Z यूजर्स ने उनसे राजनीति, शिक्षा व्यवस्था और निजी पसंद से जुड़े कई सवाल पूछे। इसी दौरान एक यूजर ने उनसे मजाकिया अंदाज में पूछा—‘क्या आप बैटमैन हैं?’

राहुल गांधी ने भी सवाल का जवाब उसी अंदाज में दिया। उन्होंने कहा, “बस इतना कह सकते हैं कि किसी ने मुझे और बैटमैन को कभी एक ही कमरे में नहीं देखा है।” अपने जवाब के साथ उन्होंने बैटमैन से जुड़ा एक वीडियो भी साझा किया। राहुल के इस हल्के-फुल्के जवाब ने सोशल मीडिया पर ध्यान खींचा।

AMA सत्र में राहुल गांधी से उनके पसंदीदा भाजपा नेता के बारे में भी सवाल किया गया। उन्होंने पूर्व पंजाब मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह का नाम लिया। राहुल ने कहा कि उनके साथ उनकी अच्छी बनती है और वे ‘कूल’ हैं। उन्होंने अमरिंदर सिंह की सैन्य इतिहास में विशेषज्ञता का भी उल्लेख किया।

कैप्टन अमरिंदर सिंह लंबे समय तक कांग्रेस में रहे और पंजाब के मुख्यमंत्री भी रहे। वर्ष 2021 में उन्होंने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था।

राहुल गांधी से यह भी पूछा गया कि क्या देश की शिक्षा व्यवस्था पर्याप्त संख्या में विचारशील युवाओं को तैयार कर रही है। इस पर उन्होंने शिक्षा व्यवस्था की आलोचना करते हुए कहा कि मौजूदा व्यवस्था विचारकों को तैयार करने के बजाय उन्हें खत्म कर रही है।

झारखंड में चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन से जुड़े सवाल पर राहुल ने कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था ‘ढह चुकी, महंगी और दमनकारी’ है। उन्होंने कहा कि छात्रों की बात हर सरकार को सुननी चाहिए और शिक्षा व्यवस्था में बदलाव के लिए कदम उठाने चाहिए।

राहुल गांधी का यह AMA सत्र ऐसे समय हुआ है जब राजनीतिक दल Gen Z और युवा मतदाताओं से संवाद के लिए इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया मंचों पर अपनी सक्रियता बढ़ा रहे हैं।

 

Popular Articles