अभियान को जन-जन तक पहुंचाने को सभी को पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करना होगा
रुद्रपुर। भाजपा जिला कार्यालय, रुद्रपुर में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के सफल संचालन एवं जन-जन की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ हुआ। जिलाध्यक्ष कमल जिंदल ने सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान प्रत्येक भारतीय में राष्ट्रभक्ति की भावना को और अधिक सशक्त बनाने का माध्यम है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक अभियान को प्रभावी ढंग से सफल बनाने का आह्वान किया। सह प्रभारी साकेत अग्रवाल ने अभियान की कार्ययोजना,संगठनात्मक समन्वय,प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारियों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सभी को पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करना होगा।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देशवासियों को राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और गर्व की भावना से जोड़ने वाला एक ऐतिहासिक जन अभियान बन चुका है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने का आह्वान किया।कार्यक्रम के मुख्य वक्ता गुंजन सुखीजा ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्र प्रथम और देश प्रथम की भावना का प्रतीक है।
उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को स्मरण करते हुए कहा कि उनके राष्ट्रवादी विचार आज भी प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रारंभ किए गए ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-आंदोलन बताते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता इस अभियान को हर घर और प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाने का संकल्प लेकर कार्य करे।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश उपाध्यक्ष श्री पाल राणा, प्रदेश अध्यक्ष ओबीसी मोर्चा नेतृपाल मौर्य, दर्जा राज्य मंत्री रामपाल सिंह,दर्जा राज्य मंत्री गंभीर धामी,दर्जा राज्य मंत्री मोहिनी पोखरिया,महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री रश्मि रस्तोगी, पूर्व किसान मोर्चा अध्यक्ष अनिल चौहान समेत कार्यशाला में जिला महामंत्री तरुण दत्ता,इंद्रपाल मान,मोर सिंह, सुरेंद्र चौधरी, मीडिया संयोजक विजय तोमर, केके दास, काशीपुर के सह प्रभारी भारत भूषण चुघ,किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष राजेश बजाज, अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष हारून मलिक, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष बिट्टू चौहान,ममता त्रिपाठी, पिंकी चतुर्वेदी, मंडल अध्यक्ष मुकेश पाल,डीएन यादव,रचित सिंह, मनोज छाबड़ा, राजेश कमरा सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।





