महापौर ने स्वयं सड़क पर उतर 15 गौवंशीय पशु गोशाला भेजा अतिक्रमण का भी लिया संज्ञान,नोटिस की कार्रवाई
रुद्रपुर । शहर की सड़कों पर घूम रहे आवारा गौवंशीय पशुओं से होने वाली दुर्घटनाओं पर रोक लगाने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के उद्देश्य से नगर निगम ने सोमवार को विशेष अभियान चलाया। अभियान की कमान स्वयं महापौर विकास शर्मा ने संभाली और नगर निगम की टीम के साथ निरीक्षण कर सड़कों पर घूम रहे 15 गौवंशीय पशुओं को पकड़कर गोशाला भिजवाया। इस दौरान कार्रवाई का विरोध करने वाले एक पशुपालक को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। वहीं आवास विकास क्षेत्र में सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण और बदहाल पार्कों पर भी महापौर ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
सोमवार सुबह महापौर नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ वार्ड संख्या 11 संजय नगर खेड़ा तथा 38 आवास विकास क्षेत्र में पहुंचे। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर गौवंशीय पशु मुख्य सड़कों पर विचरण करते मिले। नगर निगम की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 15 पशुओं को पकड़कर नगर निगम की गोशाला भेज दिया।
अभियान के दौरान एक पशुपालक अपनी गाय को गोशाला भेजे जाने का विरोध करने लगा और कार्रवाई में बाधा डालने का प्रयास किया। स्थिति को देखते हुए नगर निगम की टीम ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया, जिसके बाद अभियान शांतिपूर्वक जारी रहा। उन्होंने सड़क किनारे दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण का भी जायजा लिया।
कई स्थानों पर फुटपाथ और सड़क तक फैले अतिक्रमण को देखकर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने नगर निगम अधिकारियों को अतिक्रमण करने वालों को नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। महापौर ने स्पष्ट कहा कि सार्वजनिक सड़कें आम लोगों के आवागमन के लिए हैं, उन पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाए रखने के लिए अतिक्रमण हटाने का अभियान भी लगातार जारी रहेगा।इस अवसर पर वार्ड पार्षद एवं पार्षद संघ के अध्यक्ष राजेश जग्गा, निगम वाहन प्रभारी गौतम सिंह, बंटी,अभिषेक,दीपक राठौर, नामित पार्षद संदीप वाल्मीकि समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
महापौर की पशुपालकों को चेतावनी
महापौर ने पशुपालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि अपने पशुओं को सड़कों पर छोड़ना गैर जिम्मेदाराना कृत्य है। यदि कोई पशु आवारा अवस्था में सड़क पर मिला तो उसे तत्काल गोशाला भेजा जाएगा और संबंधित पशुपालक के विरुद्ध चालान सहित नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी।नगर निगम ने आवारा गौवंश के संरक्षण के लिए गोशाला में पर्याप्त व्यवस्था की है। वहां पशुओं के लिए चारा, पानी और सुरक्षित आश्रय की समुचित व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है ताकि उन्हें बेहतर देखभाल मिल सके। पार्षद राजेश जग्गा ने कहा कि आवारा पशु दुर्घटनाओं का खतरा बना रहते थे।नगर निगम द्वारा शुरू किया गया यह अभियान आम लोगों के लिए बड़ी राहत साबित होगा।





