Top 5 This Week

Related Posts

हड़ताल से पहले रविवार को खुलेंगे देहरादून के बैंक, 28 से 30 सितंबर तक रहेगा असर

देहरादून। बैंक यूनियनों की प्रस्तावित तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल को देखते हुए ग्राहकों की सुविधा के लिए देहरादून में रविवार, 27 सितंबर को बैंक शाखाएं खुली रहेंगी। इस दिन ग्राहक बैंक से जुड़े जरूरी काम निपटा सकेंगे। केंद्र सरकार के निर्देश के बाद सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों को रविवार को सामान्य रूप से काम करने के लिए कहा गया है।

दरअसल, 28 से 30 सितंबर तक बैंक यूनियनों ने तीन दिवसीय हड़ताल का आह्वान किया है। इससे पहले 26 सितंबर को चौथा शनिवार और 27 सितंबर को रविवार होने के कारण बैंकिंग सेवाओं पर लगातार कई दिनों तक असर पड़ने की आशंका थी। ग्राहकों को होने वाली परेशानी को देखते हुए रविवार को बैंक खोलने का फैसला लिया गया है।

देहरादून में रविवार को बैंक शाखाओं के साथ एटीएम से जुड़ी शाखाएं और संबंधित बैंकिंग सेवाएं भी संचालित रहेंगी। ग्राहकों को सलाह दी गई है कि वे हड़ताल के दौरान प्रभावित होने वाले शाखा संबंधी जरूरी काम पहले ही निपटा लें।

एटीएम लेनदेन पर नहीं लगेगा शुल्क

हड़ताल के दौरान ग्राहकों को राहत देते हुए 28 से 30 सितंबर तक एटीएम लेनदेन पर शुल्क नहीं लेने की व्यवस्था की गई है। इससे ग्राहक किसी भी बैंक के एटीएम से जरूरत के अनुसार नकदी निकाल सकेंगे। डिजिटल बैंकिंग, यूपीआई, इंटरनेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग जैसी सेवाएं भी उपलब्ध रहने की उम्मीद है।

बैंक यूनियनों की ओर से पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह समेत विभिन्न मांगों को लेकर 28 से 30 सितंबर तक हड़ताल का आह्वान किया गया है। सरकार और बैंक प्रबंधन ने यूनियनों से हड़ताल वापस लेने की अपील की है।

Popular Articles