हैदराबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट के मामले में मेटा इंडिया के अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद हैदराबाद साइबर क्राइम के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) वी. अरविंद बाबू को उनके पद से हटा दिया गया है। तेलंगाना सरकार ने उन्हें तत्काल प्रभाव से वर्तमान जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया है। हालांकि, सरकार की ओर से इस तबादले के कारणों पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
इससे पहले हैदराबाद साइबर क्राइम पुलिस ने भाजपा की सोशल मीडिया इकाई की शिकायत के आधार पर मेटा इंडिया के प्रमुख समेत कई फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट संचालकों के खिलाफ दो एफआईआर दर्ज की थीं। आरोप है कि इन प्लेटफॉर्मों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक और कथित रूप से भ्रामक सामग्री प्रसारित की गई थी। मामले में सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
डीसीपी अरविंद बाबू ने एफआईआर दर्ज होने की पुष्टि करते हुए कहा था कि शिकायत मिलने के बाद नियमानुसार मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि संबंधित सामग्री किसने पोस्ट की, उसे किस स्तर पर प्रसारित किया गया और प्लेटफॉर्म की क्या भूमिका रही।
डीसीपी के तबादले के बाद इस घटनाक्रम ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है। भारतीय जनता पार्टी ने इसे कार्रवाई करने वाले अधिकारी के खिलाफ प्रतिशोधात्मक कदम बताते हुए तेलंगाना सरकार की आलोचना की है। वहीं, सरकार की ओर से अब तक इस संबंध में कोई विस्तृत प्रतिक्रिया नहीं आई है।
फिलहाल मेटा इंडिया के खिलाफ दर्ज मामलों की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि डिजिटल साक्ष्यों और संबंधित दस्तावेजों की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





